पश्चिम बंगाल में TMC और महाराष्ट्र में उद्धव की शिवसेना के बाद अब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी में भी बगावत के सुर उठ रहे हैं। यूपी के एक मंत्री ने दावा किया है कि सपा के कई नेता NDA में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
लखनऊ: हाल के विधानसभा चुनावों के बाद से 'INDIA' गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। एक के बाद एक पार्टियों में बगावत की खबरें आ रही हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी TMC के नेता NDA को समर्थन देने की बात कर रहे हैं, तो वहीं महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना में भी बगावत तेज हो रही है। इसी बीच अब उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी, समाजवादी पार्टी (सपा) में भी टूट के संकेत मिल रहे हैं। यूपी के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक ट्वीट करके सियासी भूचाल ला दिया है।

समाजवादी पार्टी के नेता NDA के संपर्क में
ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश की सियासत में जल्द ही एक बड़ा फेरबदल होने वाला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कई नेता NDA को समर्थन देने के लिए तैयार हैं। राजभर ने ट्वीट कर सनसनी फैला दी कि सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव पहले से ही बीजेपी के संपर्क में हैं। उनके मुताबिक, राम गोपाल यादव के बाद सपा के कई और नेता भी NDA में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।
राजभर ने यह भी दावा किया कि राम गोपाल यादव ने अमित शाह से अपील की है। उन्होंने कहा कि गोमती रिवर फ्रंट घोटाले की आंच समाजवादी पार्टी के नेताओं तक पहुंच रही है और इसी वजह से कई नेता पार्टी बदलने की फिराक में हैं।
समाजवादी पार्टी का पलटवार
इन दावों पर समाजवादी पार्टी ने पलटवार किया है। सपा प्रवक्ता मनीष सिंह ने कहा, "समाजवादी पार्टी में कोई बगावत नहीं है। ओम प्रकाश राजभर की पार्टी 'सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी' में जितने कुल नेता और कार्यकर्ता हैं, उनसे ज्यादा विधायक तो हमारी पार्टी में हैं। उन्हें पहले अपनी पार्टी देखनी चाहिए। समाजवादी पार्टी पहले से ज्यादा मजबूत है।"
इस समय देश में क्षेत्रीय पार्टियों में बगावत की खबरें आम हो गई हैं। दावा है कि TMC के 58 विधायक और सांसद NDA को समर्थन दे चुके हैं। वहीं, उद्धव ठाकरे के गुट वाली शिवसेना में भी बगावत की गर्मी महसूस की जा रही है। इस पर उद्धव ठाकरे ने कहा, "जो भी पार्टी छोड़ रहे हैं, वे जाने के लिए स्वतंत्र हैं। लेकिन पार्टी में कोई बगावत नहीं है।"
