Uttarakhand Snowfall: उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब में भारी बर्फबारी और चमोली में बारिश से ठंड काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, यूपी के वाराणसी और लखनऊ में लगातार बारिश के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

Hemkund Sahib snowfall: शनिवार को अधिकारियों ने बताया कि चमोली जिले के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। हेमकुंड साहिब में लगातार हो रही बर्फबारी से तापमान काफी गिर गया है और इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

इन सबके बीच, बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बारिश और बर्फबारी की वजह से दोनों ही तीर्थ स्थलों पर पारा और लुढ़क गया है। हेमकुंड साहिब का इलाका धीरे-धीरे बर्फ की सफेद चादर से ढकने लगा है।

भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के ज्यादातर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने लोगों से सावधानी बरतने और बिना जरूरत सफर न करने की अपील की है। सरकार ने सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जरूर जान लें और बारिश की चेतावनी को देखते हुए जरूरी एहतियात बरतें। प्रशासन और मौसम एजेंसियों की तरफ से जारी गाइडलाइंस का पालन करने को भी कहा गया

Scroll to load tweet…

यूपी में भी बारिश का कहर

उधर, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी भारी बारिश का असर दिख रहा है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने कुछ जिलों में स्कूल बंद कर दिए हैं। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद वाराणसी जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के सभी मान्यता प्राप्त और गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। शहर में शुक्रवार रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

पिछले दो दिनों से चल रही तेज हवाओं और बारिश ने मौसम में ठंडक ला दी है। हालांकि, लगातार हो रही इस बारिश से इलाके में फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। वाराणसी में हरी सब्जियों के दाम भी अचानक से बढ़ गए हैं। वहीं, लखनऊ में भी भारी बारिश की चेतावनी के चलते 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है।