वाराणसी में एक प्ले-स्कूल टीचर पर 5 साल के बच्चे को जलाने का आरोप है। पैंट में पेशाब करने पर टीचर ने गर्म चाकू से बच्चे का प्राइवेट पार्ट जला दिया। पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्ले-स्कूल की टीचर पर 5 साल के बच्चे के साथ क्रूरता करने का आरोप है। आरोप है कि बच्चे के पैंट में पेशाब कर देने पर टीचर प्रीति कुशवाहा ने गर्म चाकू से उसका प्राइवेट पार्ट जला दिया। बच्चे के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने टीचर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

यह शर्मनाक घटना वाराणसी के एक प्राइवेट प्ले-स्कूल की है। कुछ दिन पहले, क्लास के दौरान 5 साल के बच्चे ने टीचर प्रीति कुशवाहा से टॉयलेट जाने की इजाज़त मांगी, लेकिन टीचर ने मना कर दिया। कुछ देर बाद बच्चे ने डर के मारे अपनी पैंट में ही पेशाब कर दी। इससे टीचर का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आरोप है कि टीचर उस बच्चे को दूसरे कमरे में ले गई। वहां पहले तो उसे खूब डांटा और पीटा। लेकिन जब इतने से भी उसका मन नहीं भरा, तो उसने चाकू गर्म करके बच्चे के प्राइवेट पार्ट पर लगा दिया।

जब बच्चा घर पहुंचा तो उसने रोते हुए अपनी मां को पूरी बात बताई और शरीर पर बने निशान दिखाए। जब माता-पिता शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे, तो प्रिंसिपल और मैनेजमेंट ने ऐसी किसी भी घटना से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद, परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने टीचर प्रीति कुशवाहा के अलावा स्कूल के प्रिंसिपल और मैनेजमेंट के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। टीचर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है और लोग टीचर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।