UP College Varanasi Shooting Video: वाराणसी के यूपी कॉलेज में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या का खौफनाक वीडियो सामने आया है। वायरल क्लिप में गोली लगने के बाद छात्र जमीन पर गिरता दिख रहा है और आरोपी मौके से भागता नजर आता है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने और सनसनी फैला दी है।

Surya pratap Singh Murder Video: वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब इस वारदात के दो वीडियो सामने आने से पूरा मामला और भी सनसनीखेज हो गया है।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इन वीडियो में उस पल की झलक दिखाई दे रही है, जब कॉलेज परिसर में अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई थी। वीडियो देखने वाले कई लोग इस घटना को बेहद खौफनाक बता रहे हैं।

Scroll to load tweet…

सीने में गोली लगते ही जमीन पर गिरा छात्र

बताया जा रहा है कि यह वीडियो कॉलेज के कला एवं सामाजिक विज्ञान विभाग के गेट के पास का है, जहां यह पूरी घटना हुई थी। वायरल वीडियो में दिखता है कि गोली लगने के बाद सूर्य प्रताप सिंह औंधे मुंह जमीन पर गिर जाता है। इसी दौरान आरोपी छात्र पास आता है और दोबारा उस पर गोली चलाता दिखाई देता है। इस दौरान कुछ दूरी पर खड़ी एक छात्रा घटना को देखकर अवाक रह जाती है और समझ ही नहीं पाती कि आखिर हुआ क्या है।

यह भी पढ़ें: प्रिंसिपल के सामने क्यों मारी गईं सूर्य प्रताप सिंह को 8 गोलियां? वाराणसी कॉलेज मर्डर की पूरी कहानी

डर के मारे भागते दिखे छात्र-छात्राएं

दूसरे वायरल वीडियो में कॉलेज परिसर में फैले डर का माहौल साफ दिखाई देता है। जैसे ही गोलियों की आवाज गूंजती है, आसपास मौजूद छात्र-छात्राएं घबराकर अपनी कक्षाओं की ओर भागते दिखाई देते हैं। कई छात्र इधर-उधर भागकर सुरक्षित जगह ढूंढने की कोशिश करते नजर आते हैं। वहीं वीडियो में आरोपी छात्र भी बाहर निकलकर इधर-उधर देखता है और फिर तेजी से वहां से भाग जाता है।

जानकारी के मुताबिक, बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या कॉलेज परिसर में ही की गई थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी छात्र ने अचानक पिस्टल निकाल ली और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल सूर्य प्रताप को साथियों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Scroll to load tweet…

साधारण परिवार से था संबंध

सूर्य प्रताप सिंह मूल रूप से गाजीपुर जिले के दुबैथा गांव का रहने वाला था। उसके पिता ऋषिदेव सिंह वाराणसी के एक स्कूल में वाहन चालक हैं, जबकि मां किरन सिंह उसी स्कूल में दाई का काम करती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति साधारण थी, लेकिन माता-पिता को उम्मीद थी कि उनका बेटा पढ़-लिखकर परिवार का सहारा बनेगा।

कॉलेज में घटना के बाद भड़का आक्रोश

इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और कई जगह तोड़फोड़ भी की। हालात को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।

इस पूरे मामले में अब वायरल वीडियो ने घटना की भयावहता को और साफ कर दिया है। कॉलेज जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में हुई इस घटना ने छात्रों और अभिभावकों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: वाराणसी: पिता ड्राइवर, मां दाई… बेटे से थी उम्मीदें, सूर्य प्रताप की कहानी सुनकर भर आएंगी आंखें