Who is Mohsin Naqvi: मोहसिन नकवी कौन है, जो इन दिनों अपने 'कॉकरोच' वाले बयान और सिस्टम फेल होने की टिप्पणी को लेकर चर्चा में हैं। जानिए पाकिस्तान में उनका कितना दबदबा है।

Mohsin Naqvi Profile: पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इसकी वजह उनका एक ऐसा बयान है, जिसने पाकिस्तान की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने न सिर्फ देश की मौजूदा सिस्टम को नाकाम बताया, बल्कि युवाओं का जिक्र करते हुए 'कॉकरोच' शब्द का भी इस्तेमाल किया। इसके बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बवाल मच गया है। ऐसे में आइए जानतने हैं आखिर मोहसिन नकवी कौन हैं और उन्होंने ऐसा क्या कह दिया कि पड़ोसी मुल्क में इतना बड़ा विवाद खड़ा हो गया?

मोहसिन नकवी ने ऐसा क्या कहा?

इस्लामाबाद में आयोजित पाकिस्तान इकोनॉमिक समिट में गुरुवार को बोलते हुए पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने देश की मौजूदा हालत पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि देश का पूरा प्रशासनिक ढांचा फेल हो चुका है और समस्याओं को सुलझाने में नाकाम है। उन्होंने युवाओं के गुस्से का जिक्र करते हुए कहा, 'हम अपने युवाओं को वो चीजें नहीं दे पा रहे हैं, जो वे चाहते हैं। आप उन्हें युवा कहें या कॉकरोच कहें, जो मर्जी बुलाएं... लेकिन अगर ये सभी 'कॉकरोच' एक साथ मिल गए, तो वे पलभर में सब कुछ उलट-पुलट कर रख देंगे।' उन्होंने आगे कहा युवाओं को सिर्फ दो-चार हजार रुपए का स्टाइपेंड या टैबलेट बांटकर हमेशा के लिए खुश नहीं किया जा सकता। आज के युवाओं को नौकरी, सही न्याय और योग्यता के आधार पर मौके चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने देश के बढ़ते कर्ज और खराब बजट पर भी चिंता जताई और कहा कि जब तक पूरी व्यवस्था को नए सिरे से ठीक नहीं किया जाता, हालात नहीं सुधरेंगे।

मोहसिन नकवी के बयान से पाकिस्तान में क्या सियासी भूचाल आ गया?

मोहसिन नकवी के इस बयान पर जब पत्रकारों ने पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता से सवाल पूछा, तो उन्होंने साफ कह दिया कि यह मोहसिन नकवी का निजी बयान (Personal Opinion) है और इससे सेना का कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी और इमरान खान की पार्टी ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि सिस्टम खुद-ब-खुद फेल नहीं हुआ है, बल्कि देश की सत्ता पर काबिज लोगों ने जानबूझकर इसे बर्बाद किया है।

मोहसिन नकवी कौन हैं?

मोहसिन नकवी इस समय पाकिस्तान के सबसे ताकतवर और चर्चा में रहने वाले चेहरों में से एक हैं। उनके पास एक साथ तीन बड़ी जिम्मेदारियां हैं। इस समय नकवी के पास गृह और नार्कोटिक्स कंट्रोल मंत्रालय की कमान है। इसके अलावा वे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं। यानी राजनीति, सुरक्षा और क्रिकेट तीनों क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।

मोहसिन नकवी ने कहां से की है पढ़ाई?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहसिन नकवी का जन्म 1978 में लाहौर में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई लाहौर से करने के बाद अमेरिका की ओहायो यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता (Journalism) की डिग्री ली। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने मशहूर अमेरिकी चैनल CNN के साथ इंटर्नशिप की और आगे चलकर CNN के साउथ एशिया के रीजनल हेड भी बने।

मोहसिन नकवी मीडिया टाइकून

साल 2009 में उन्होंने अपना खुद का 'सिटी न्यूज नेटवर्क' शुरू किया, जिसके तहत कई न्यूज चैनल और अखबार चलते हैं। पत्रकारिता और मीडिया की दुनिया में मजबूत पकड़ होने की वजह से उनका राजनीतिक रसूख काफी ऊंचा माना जाता है।

मोहसिन नकवी का कार्यवाहक मुख्यमंत्री का सफर

साल 2023 में वे पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कार्यवाहक मुख्यमंत्री (Caretaker CM) भी रह चुके हैं। इसके बाद 2024 के आम चुनाव के बाद जब देश में गठबंधन सरकार बनी, तो उन्हें गृह मंत्री बना दिया गया।