Woman unsafe in Uber Ride: पॉलिटिकल एक्टिविस्ट एंगेलिका अरिबाम ने गुरुग्राम से दिल्ली की एक उबर राइड का डरावना अनुभव शेयर किया है। उन्होंने बताया कि कैसे ड्राइवर ने बदतमीजी की, गलत रास्ता लिया और ऐप पर दिख रही डीटेल्स से भी अलग था। इस घटना ने पैसेंजर सेफ्टी पर एक नई बहस छेड़ दी है।
Uber Driver Misbehavior: गुरुग्राम से दिल्ली की एक Uber XL राइड के दौरान महिला यात्री के साथ कथित बदतमीजी का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि ड्राइवर पूरी यात्रा के दौरान फोन पर बात करता रहा, गलत रास्ते पर चला गया और टोके जाने पर उससे रूखे अंदाज में बात की। इस घटना ने एक बार फिर कैब यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ड्राइवर ने गलत रास्ता लिया, फोन पर करता रहा बात
यह मामला पॉलिटिकल एक्टिविस्ट और ‘फेम फर्स्ट फाउंडेशन’ की फाउंडर एंगेलिका अरिबाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने गुरुग्राम से दिल्ली जाने के लिए Uber XL बुक की थी।
एंगेलिका के मुताबिक, ड्राइवर पूरी राइड के दौरान फोन पर किसी से बात करता रहा। इसी दौरान उन्होंने महसूस किया कि कैब सही रास्ते के बजाय किसी दूसरे रूट पर जा रही है। जब उन्होंने ड्राइवर को इस बारे में बताया, तो उसका रवैया कथित तौर पर बेहद रूखा था।
‘चुपचाप बैठो’, महिला ने बताया असुरक्षित महसूस किया
एंगेलिका ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि जब उन्होंने ड्राइवर को गलत रास्ते पर जाने के बारे में टोका, तो उसने उनसे कहा, ‘चुपचाप बैठो।’ उनका आरोप है कि इसके बाद भी ड्राइवर ने उनसे बदतमीजी से बात की।
महिला ने कहा कि इस व्यवहार के कारण वह खुद को असुरक्षित महसूस करने लगीं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में यात्री के पास तुरंत मदद लेने का विकल्प कितना आसानी से उपलब्ध है।
पैनिक बटन नहीं मिलने का दावा
एंगेलिका ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि जब उन्हें असुरक्षित महसूस हुआ, तो उन्हें Uber ऐप में कोई पैनिक बटन नहीं मिला। उन्होंने इस अनुभव को साझा करते हुए कैब बुकिंग प्लेटफॉर्म पर यात्री सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
ऐप पर ड्राइवर की जानकारी भी अलग होने का आरोप
मामले को और गंभीर बताते हुए एंगेलिका ने दावा किया कि ऐप पर दिखाई गई ड्राइवर की जानकारी और कैब चला रहे व्यक्ति के बीच भी कथित तौर पर अंतर था।
उनका कहना है कि ऐप पर जिस व्यक्ति का नाम और फोटो दिखाई दे रहा था, कैब चलाने वाला शख्स वह नहीं था। अगर यह दावा सही है, तो यह यात्रियों की सुरक्षा और ड्राइवर सत्यापन से जुड़ा गंभीर सवाल बन सकता है।
सोशल मीडिया पर शेयर किया पूरा अनुभव
एंगेलिका ने 12 सितंबर को X पर अपनी आपबीती साझा की। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने भी कैब सेवाओं से जुड़े अपने कथित खराब अनुभव साझा किए। कुछ यूजर्स ने यात्री सुरक्षा और शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए।
वायरल X पोस्ट देखें
उबर ने दिया जवाब
इस पोस्ट पर उबर इंडिया सपोर्ट ने जवाब दिया। कंपनी ने एंगेलिका से उनकी ट्रिप की जानकारी मांगी, जैसे कि यात्रा की तारीख, समय और उनके उबर अकाउंट से जुड़ा कॉन्टैक्ट नंबर। कंपनी ने लिखा, "यह बहुत चिंताजनक है। इस तरह का व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आपकी सुरक्षा हमेशा हमारी प्राथमिकता रहेगी।"
इस घटना के बाद कई दूसरे सोशल मीडिया यूजर्स ने भी उबर के साथ अपने बुरे अनुभव शेयर किए। कई लोगों ने पैसेंजर सेफ्टी और ड्राइवरों की शिकायतों पर ठीक से कार्रवाई न होने को लेकर चिंता जताई।
