Britain Car Crash: इंग्लैंड में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर है। यहां एक कार गलत दिशा से आकर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी से टकरा गई। इस टक्कर में 2 पुलिस अधिकारियों समेत कुल 7 लोगों की जान चली गई।
A66 Highway Accident: ब्रिटेन में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब गलत दिशा में जा रही एक कार सामने से आ रही पुलिस की गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
A66 हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना मिडलसब्रा के पास A66 हाईवे पर तड़के करीब 3:39 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक कार में पांच लोग सवार थे और वह हाईवे पर गलत दिशा में आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही पुलिस की कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटनास्थल पर ही सात लोगों ने दम तोड़ा
पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद सातों लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में कार में सवार लोग और पुलिस वाहन में मौजूद दो अधिकारी शामिल हैं। हादसे में जान गंवाने वालों में से कुछ की अभी औपचारिक पहचान नहीं हो पाई है। अधिकारियों ने कहा कि पहचान की प्रक्रिया जारी है।
परिवारों को दी जा रही मदद
पुलिस ने बताया कि जिन मृतकों की पहचान हो चुकी है, उनके परिवारों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। साथ ही, इस मुश्किल वक्त में उन्हें विशेष सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे पीड़ित परिवारों की निजता का सम्मान करें।
हादसे की जांच शुरू
स्थानीय सांसद एना टर्ली ने बताया कि क्लीवलैंड पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और इसमें इंडिपेंडेंट ऑफिस फॉर पुलिस कंडक्ट भी शामिल है। जांच एजेंसियां हादसे के कारणों और दुर्घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी तरह की अटकलों से बचें।


