Dangerous Stunt Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए कुछ लड़कों ने अपनी SUV नदी में उतार दी. लेकिन गाड़ी तेज बहाव में बीच में ही फंस गई. बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर उन्हें निकाला. इस जानलेवा स्टंट के लिए लोग उन्हें खूब खरी-खोटी सुना रहे हैं.

Sonamarg SUV River Video: सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए आजकल के लड़के-लड़कियां खतरनाक स्टंट करने से भी नहीं चूकते. कई बार ये स्टंट जानलेवा साबित होते हैं और कभी-कभी भारी मुसीबत में डाल देते हैं. अब ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लड़कों ने अपनी SUV सीधे नदी में उतार दी. ये वीडियो जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग का है, जहां सिंध नदी में लड़कों ने ये स्टंट करने की कोशिश की. लेकिन गाड़ी नदी में उतार तो दी, पर वापस नहीं निकाल पाए. आखिर में पुलिस और स्थानीय लोगों को मदद के लिए बुलाना पड़ा.

तेज बहाव वाली नदी में उतार दी गाड़ी

वीडियो में साफ दिख रहा है कि लड़के अपनी गाड़ी को पानी में उतार रहे हैं और इसका वीडियो भी बना रहे हैं. SUV धीरे-धीरे नदी के अंदर जाती है और पानी में आगे बढ़ती है. रिपोर्ट के मुताबिक, इन लड़कों का मकसद सिर्फ एक एडवेंचरस रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करना था. लेकिन उन्होंने ये नहीं सोचा कि जिस नदी में वे ये स्टंट कर रहे हैं, उसमें कभी भी अचानक तेज बहाव आ सकता है. एक छोटी सी गलती भी उनकी जान ले सकती थी. इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोग उन्हें जमकर लताड़ रहे हैं.

Scroll to load tweet…

नदी के पानी की गहराई और बहाव की ताकत का अंदाजा लगाए बिना गाड़ी उतारना बहुत खतरनाक था. इससे गाड़ी का कंट्रोल कभी भी खो सकता था. लड़कों ने इन सब बातों को नजरअंदाज किया और सिर्फ एक रील के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी. गाड़ी नदी में तो चली गई, लेकिन लड़के उसे वापस बाहर नहीं निकाल पाए. इसके बाद पुलिस और गांव वालों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. वीडियो की शुरुआत में पुलिस की जीप मौके पर पहुंचती हुई दिख रही है.

सब कुछ बस एक रील के लिए

जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों ने इन लड़कों की हरकत पर गुस्सा जाहिर करना शुरू कर दिया. कई लोगों ने कमेंट किया कि कुछ लाइक्स और चंद सेकंड की शोहरत के लिए अपनी जान दांव पर लगाना बेवकूफी है. एक यूजर ने तो मज़ाक में लिखा, "जिनके पास SUV होती है, उनके पास दिमाग नहीं होता." इस घटना ने एक बार फिर ये बहस छेड़ दी है कि सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स पाने की होड़ में लोग कितने खतरनाक स्टंट कर रहे हैं. कई लोगों ने चेतावनी भी दी कि रील वायरल करने से पहले अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना ज्यादा जरूरी है.