महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिये 104 साल की धाविका मन कौर को आठ मार्च को नारी शक्ति पुरस्कार 2019 से सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं के लिये इसे देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है।

चंडीगढ़. महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिये 104 साल की धाविका मन कौर को आठ मार्च को नारी शक्ति पुरस्कार 2019 से सम्मानित किया जाएगा। महिलाओं के लिये इसे देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान माना जाता है। कौर के 82 वर्षीय पुत्र गुरदेव सिंह ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मन कौर को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से इस संबंध में पत्र मिला है। इसमें लिखा गया है, ‘‘आपको यह सूचित करते हुए खुशी हो रही है कि आपको महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिये प्रतिष्ठित नारी शक्ति पुरस्कार 2019 के लिये चुना गया है। पुरस्कार के तहत दो लाख रुपये का मानदेय और प्रमाणपत्र दिया जाता है। ’’ इसके अनुसार, ‘‘माननीय राष्ट्रपति आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। ’’

2007 में जीता था पहला पदक 
कौर 104 साल की हैं। उन्होंने 2007 में चंडीगढ़ मास्टर्स एथलेटिक्स मीट में अपना पहला पदक जीता था। वह 2017 में आकलैंड में विश्व मास्टर्स खेलों में 100 मीटर की दौड़ जीतकर सुर्खियों में आयी थी। उनके नाम पर कई रिकार्ड दर्ज है। उन्होंने पोलैंड में विश्व मास्टर्स एथलेटिक्स में ट्रैक एवं फील्ड में चार स्वर्ण पदक जीते थे।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)