रविवार को सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार के न्यूनतम तापमान से एक डिग्री अधिक है

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भयंकर शीतलहर के साथ ठंड का प्रकोप जारी है। रविवार को सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार के न्यूनतम तापमान से एक डिग्री अधिक है। दिल्ली में शनिवार को मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, जब न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शहर में घने कोहरे की वजह से दृश्यता 500 मीटर से कम हो गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ''सुबह 8.30 बजे सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है।''

पालम वेधशाला ने जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, वहीं लोधी रोड इलाके में पारा 2.8 डिग्री तक लुढ़क गया। आर्द्रता का स्तर 94 फीसदी दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दोपहर बाद आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है, जबकि शीतलहर जारी रहने की आशंका है।

अधिकारी ने कहा,''शहर के अधिकांश भागों में शीतलहर के कारण पूरा दिन काफी ठंडा रहेगा।''

मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा था कि दिल्ली-एनसीआर में कड़कड़ाती ठंड जारी रहेगी। यह 1901 के बाद से दिल्ली में दूसरा सबसे ठंडा दिसंबर का महीना है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)