पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में भाजपा समर्थकों के बताये जा रहे मकानों में तोड़-फोड़ की गई और इसके बाद उन्हें आग के हवाले कर दिया गया

जलपाईगुड़ी: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में भाजपा समर्थकों के बताये जा रहे मकानों में तोड़-फोड़ की गई और इसके बाद उन्हें आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल वाहनों को घटनास्थल भेजा गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने बताया कि घटना रविवार की है जब एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता का शव हुस्लूरदंगा गांव पहुंचा। भाजपा ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे तृणमूल कार्यकर्ताओं का हाथ है वहीं पश्चिम बंगाल के सत्तारूढ़ दल ने आरोप को नाकार दिया है।

धारदार हथियार से हमला किया 

तृणमूल कांग्रेस के मलिक हाटबूथ के अध्यक्ष भोमबोल घोष पर 14 फरवरी को हुस्लूरदंगा बाजार में धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल घोष को सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई।

तृणमूल के स्थानीय नेता मनोज रॉय ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे भाजपा के कार्यकर्ताओं का हाथ है। भाजपा के जिला अध्यक्ष बापी गोस्वामी ने दावा किया कि घोष का शव रविवार को जब गांव में पहुंचा तो तृणमूल के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के समर्थकों के सात मकानों में तोड़ फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डी शेरपा की अगुवाई में पुलिस दल क्षेत्र में तैनात किया गया है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(प्रतीकात्मक फोटो)