पंजाब के होशियारपुर में छोटी-छोटी बातों पर ससुर और देवर से परेशान एक महिला ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। हालांकि वो अपने देवर और ससुर को जेल जाते देखना चाहती थी, इसलिए मरने से पहले एक वीडियो बनाकर गई।

होशियारपुर. एक महिला बार-बार अपने पति को कहती रही कि उसे ससुर और देवर परेशान करते हैं। लेकिन पति उसे छोटी-मोटी बात समझकर टालता रहा। टार्चर जब बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो महिला ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। मामला होशियारपुर जिले के गांव भट्टियां राजपूतां का है। यहां रहने वाली ऋतु बाला पत्नी सुखविंदर ने गुरुवार शाम जहर खा लिया था। उसे फौरन हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बची। महिला ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाया। इसमें मौत के लिए ससुर और देवर को जिम्मेदार बताया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

छोटी-छोटी बातों पर करते थे टॉर्चर
ऋतु के भाई गुरदयाल ने बताया कि उसका जीजा मुकेरियां में सर्विस स्टेशन चलाता है। दोनों के एक तीन साल का बेटा है। हालांकि पति-पत्नी के बीच कोई अनबन या नहीं थी। दोनों अच्छे से रहते थे। लेकिन देवर शैली और ससुर प्रेम सिंह छोटी-छोटी बातों पर टॉर्चर करते थे। ऋतु के भाई के मुताबिक, उसकी बहन ने इस बारे में बताया था। लेकिन उन्हें लगा था कि सब ठीक हो जाएगा। गुरुवार शाम करीब 6 बजे शैली ने फोन करके उन्हें ऋतु के जहर खाने की जानकारी दी। ऋतु को मुकेरियां के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां हालत न सुधरने पर उसे जालंधर रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

वाट्सऐप पर भेजा था वीडियो
ऋतु ने मरने से पहले जो वीडियो बनाया था, वो गुरदयाल को वाट्सऐप किया था। इसमें ऋतु कह रही है कि उसका ससुर गंदा बोलता है। देवर उसे परेशान करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।