Punjab Singer Sidhu Moose wala murder पंजाब के मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके सिंगर मूसेवाला की हत्या से पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। पंजाब सरकार ने एक दिन पहले ही मूसेवाला की सुरक्षा हटाई थी। 

मानसा। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस ने एसआइटी का गठन कर दिया है। मूसेवाला की रविवार को सरेआम गोलियों से भून दिया गया था। अज्ञात हमलावरों ने मूसेवाला को कार में गोलियों से छलनी कर दिया। पंजाबी सिंगर एवं कांग्रेस नेता की सिक्योरिटी एक दिन पहले ही आम आदमी सरकार ने हटाई थी। वारदात मानसा जिले में स्थित गांव जवाहरके में हुई। हमले में मूसेवाला के 2 साथी गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि सिद्धू मूसेवाला अपने दो साथियों के साथ गाड़ी से कहीं जा रहे थे। इसी बीच, काले रंग की गाड़ी में आए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पंजाब के डीजीपी ने बताई हत्या की वजह

पंजाब पुलिस के डीजीपी वीके भावरा ने बताया कि सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में एसआईटी गठित कर दी गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर आईजी रेंज को एसआईटी बनाने का आदेश दे दिया गया है। डीजीपी भावरा ने बताया कि मौके पर मिले कारतूस से प्रथम दृष्टया यह अनुमान लगाया जा रहा है कि तीन अलग अलग हथियारों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है लेकिन यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। 

पंजाब के मशहूर सिंगर थे सिद्धू मूसेवाला

सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) का पूरा नाम शुभदीप सिंह सिद्धू है। सिद्धू पंजाब के काफी लोकप्रिय सिंगर थे। सिद्धू मूसेवाला का जन्म 11 जून 1993 को हुआ था। सिद्धू मानसा जिले के मूसा गांव के रहने वाले हैं, इसलिए उनका नाम सिद्धू मूसेवाला पड़ गया। उन्होंने 2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर मानसा से चुनाव लड़ा था। हालांकि, सिद्धू को आम आदमी पार्टी के विजय सिंगला ने 63 हजार से भी ज्यादा वोटों से हरा दिया था। सिद्धू मूसेवाला अपने गीतों में गन कल्चर को बढ़ावा देने के चलते पहले ही विवादों में रहे हैं।