पीएम मोदी के दौरे  के बाद भी राजस्थान भाजपा में इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। एक तरह जहां राज्य की पूर्व सीएम पूरे राजस्थान के दौरे कर रही हैं। लेकिन कई जगह तो ऐसा हुआ कि राजे से से मिलने के लिए कई विधायक और  सांसद ही नहीं पहुंचे। ताजा मामला राजसमंद का है, जहां  रामकथा में भी गुटबाजी नजर आई।

राजसमंद (राजस्थान). राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दो दिवसीय राजसमंद जिले के दौरे पर हैं। पूर्व सीएम राजे के साथ पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी और जयपुर निवासी नीरज राणावत सहित कई भाजपा नेता साथ में मौजूद हैं। बता दें कि वसुंधरा राजे सबसे पहले नाथद्वारा पहुंचीं जहां पर उन्होंने शीतल संत मुरारी बापू की रामकथा में शिरकत की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

वसुंधरा राजे का जमकर हुआ स्वागत
 रामकथा में शिरकत से पहले राजे का हेलीपेड पर राजसमंद भाजपा विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद पूर्व सीएम राजे संत मुरारी बापू की रामकथा में पहुंचीं और इसके बाद वह यहां से सीधे नाथद्वारा रोड पर स्थित होटल रेडिएशन में पहुंचीं जहां पर राजे ने भाजपा कार्यकर्ताओं से एक एक कर संवाद किया तो वहीं उनके साथ फोटो भी खींचवाई।

राजे के आते ही सियासी चर्चा का बाजार गर्मा गया
 वसुंधरा राजे के राजसमंद जिले में दौरे के पहले दिन भाजपा खेमे में गुटबाजी भी नजर आई। इस दौरान राजसमंद जिलाध्यक्ष व नगर अध्यक्ष और सभी मंडल अध्यक्ष होटल में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान राजे के आसपास तक नजर नहीं आए। ऐसे में सियासी गलियारों में चर्चा का बाजार गर्मा गया है। वसुंधरा राजे के राजसमंद जिले के दौरे के दौरान नाथद्वारा से दो बार भाजपा के विधायक रहे स्व. कल्याण सिंह के पुत्र योगेंद्र सिंह चौहान ने अपना दमखम दिखाया और राजे के स्वागत के लिए पूरे नाथद्वारा में स्वागत द्वार लगवा डाले। ऐसे में वसुंधरा राजे ने होटल रेडिएशन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान सभी के सामने काफी देर तक योगेंद्र सिंह चौहान से मुलाकात की और इसके बाद योगेंद्र सिंह चौहान के कार्यकर्ताओं ने वसुंधरा राजे का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। 

सीपी जोशी को एक वोट से हराने वाले नेता का दिखा अलग अंदाज
बता दें कि डॉ. सीपी जोशी को एक वोट से हराने वाले भाजपा के दिग्गज नेता स्व. कल्याण सिंह चौहान के पुत्र योगेंद्र सिंह चौहान ने मीडिया से वार्ता के दौरान बताया कि पूर्व सीएम राजे ने यहां पर आए विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनके बारे में विस्तार से जाना। इस दौरान राजे ने कार्यकर्ताओं का सम्मान किया तो वहीं हमारे द्वारा भी वसुंधरा राजे का भव्य स्वागत किया गया है।