राजस्थान में बादलों के हटने के साथ ही ठंड बढ़ने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में पारा अभी से ही  जीरो डिग्री जाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने में पारा माइनस में भी जा सकता है। जानिए अपने जिले के मौसम के ताजा हाल। 

जयपुर (Jaipur).पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश और हल्की बर्फबारी का असर राजस्थान में अब पूरी तरह से दिखने लगा है। यहां शीतलहर चलने से लगातार सर्दी में बढ़ोतरी हो रही है। वही तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा रही है। आज राजस्थान में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी पड़ी है राजस्थान के सीकर जिले में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु पर पहुंच चुका है। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान आज 0.0 डिग्री रहा है। इस महीने लगातार शीतलहर चलने की संभावना है। ऐसे में पारा जमाव बिंदु के नीचे माइनस में भी दर्ज होगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रदेश के अन्य जिलों का ये रहा हाल
सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान आज 0.0 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर मौसम केंद्र के राधेश्याम शर्मा के मुताबिक प्रदेश के कई इलाकों में आज और कल भी शीतलहर चलने की संभावना है। ऐसे में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इसके बाद मौसम एक बार शुष्क हो सकता है। लेकिन शीतलहर वापस चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 

लोकल टाइफून एक्टिव नहीं होने से देर से आई ठंड
जानकारों की माने तो राजस्थान में फतेहपुर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान अमूमन दिसंबर शुरू से ही माइनस में ही पहुंच जाता है। लेकिन इस बार राजस्थान में दिसंबर की शुरुआत में कोई भी लोकल चक्रवात एक्टिव नहीं हुआ। ऐसे में मौसम शुष्क रहने के चलते तापमान में गिरावट नहीं हुई। ऐसे में सर्दी का असर देर से शुरू हुआ है। अब अगले महीने जनवरी में भी कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। 

इसी बीच राजस्थान में अब तापमान माइनस में जाने के साथ ही किसानों को फसल की चिंता होने लगी है, क्योंकि यहां पाला पड़ने के आसार भी ज्यादा होते हैं। ऐसे में किसानों ने अभी से ही इसके लिए उपचार करना शुरू कर दिया है। जिससे पाला पड़ने पर भी फसलों को ज्यादा कोई नुकसान नहीं हो।