मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने शनिवार को राजस्थान की महिला सुरक्षा सखियों के साथ संवाद किया। इस दौरान जोधपुर की मोनिका ने गहलोत को मूक-बधिर बच्ची के साथ छेड़छाड़ का वाकया बताया।

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने शनिवार को राजस्थान की महिला सुरक्षा सखियों के साथ संवाद किया। इस दौरान जोधपुर की मोनिका ने गहलोत को मूक-बधिर बच्ची के साथ छेड़छाड़ का वाकया बताया। सीएम ने पूछा कि आपका विधायक कौन है? मोनिका ने कहा कि आप ही हमारे विधायक हो।

महिला सुरक्षा सखियों से संवाद के दौरान अशोक गहलोत ने कहा कि सुरक्षा सखियां अपनी भूमिका बेहतर तरीके से निभा रही हैं। उन्होंने बालिकाओं में सुरक्षा की भावना और उनमें आत्मविश्वास मजबूत करने का काम किया है। इसके लिए सुरक्षा सखियां बधाई की पात्र हैं। सुरक्षा सखियों की सक्रियता से छेड़छाड़ करने वाले मनचलों एवं महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने में पुलिस को काफी मदद मिली है। 

Scroll to load tweet…

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा सखियों के साथ संवाद कार्यक्रम को सराहनीय बताया और इसके लिए पुलिस एवं गृह विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली में बदलाव आज की जरूरत है पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए महिलाओं के खिलाफ उत्पीड़न व अपराध की घटनाओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। 

आत्मरक्षा कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का होगा विस्तार
सीएम ने अपने निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न थानों से जुड़ी महिला सुरक्षा सखियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा सखियां महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में अहम भूमिका अदा कर रही हैं। आने वाले समय में महिला सुरक्षा सखी कार्यक्रम का दायरा बढ़ाते हुए और महिलाओं व बालिकाओं को इससे जोड़ा जाएगा। प्रदेश में बालिकाओं को दिए जा रहे आत्मरक्षा कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी विस्तार किया जाएगा।