एक रिसर्च स्टडी से पता चला है कि किसी वजह से रिलेशनशिप खत्म होने या ब्रेकअप हो जाने पर महिलाएं अपने एक्स पार्टनर के प्रति दुश्मनी वाला रवैया अपना लेती हैं, जबकि पुरुषों में उनके लिए संवेदनशीलता होती है। 

रिलेशनशिप डेस्क। क्या ब्रेकअप के बाद या संबंध खत्म हो जाने के बावजूद पार्टनर्स दोस्तों की तरह रह सकते हैं? अक्सर पुरुषों का जवाब इसे लेकर पॉजिटिव होता है। उनका मानना होता है कि रिश्ता टूट जाने के बाद भी कम से कम दोस्ती तो रह ही सकती है। लेकिन महिलाओं का रवैया इस मामले में बिल्कुल अलग पाया गया है। एक रिसर्च स्टडी से पता चला है कि संबंध खत्म हो जाने के बाद वे एक्स पार्टनर के बारे में सोचना तक समय की बर्बादी मानती हैं। अक्सर वे एक्स पार्टनर के प्रति दुश्मनी वाला रवैया अपना लेती हैं। यही नहीं, उनमें बदले की भावना तक होती है और अगर एक्स पार्टनर के साथ कुछ बुरा होता है तो उन्हें एक तरह की खुशी होती है। यह स्टडी इसी साल हुई है और 'सोशल साइकोलॉजिकल एंड पर्सनैलिटी साइंस' जर्नल में पब्लिश हुई है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कहां हुई स्टडी
यह रिसर्च स्टडी आस्ट्रिया की यूनिवर्सिटी ऑफ ग्रेज में हुई। इसमें करीब 900 लोगों को शामिल किया गया। इनमें ज्यादातर लोग कम से कम पिछले 4 महीने से रिलेशनशिप में थे। जिन लोगों को इस स्टडी में शामिल किया गया था, वे पहले भी रिलेशनशिप में रह चुके थे और उनका किसी न किसी वजह से ब्रेकअप हो चुका था। कुछ ने शादी के बाद तलाक ले लिया था और नए रिश्ते में थे। इनसे कई तरह के सवाल किए गए, जिससे यह निष्कर्ष निकाला गया कि पुरुषों में अपनी एक्स पार्टनर को लेकर किसी तरह की गलत भावनाएं नहीं थीं। वहीं, महिलाओं ने उनका जिक्र छिड़ने पर गुस्से का भाव दिखाया। कई महिलाओं ने अपने एक्स पार्टनर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां तक कर डालीं। महिलाओं ने कहा कि पहले के संबंधों के बारे में सोचना वक्त की बर्बादी है और उन्हें इससे बहुत तकलीफ होती है। 

व्यावहारिक दृष्टिकोण रखती हैं महिलाएं
आम तौर पर माना जाता है कि महिलाएं भावुक होती हैं, लेकिन इस स्टडी से पता चला कि वे व्यावहारिक दृष्टिकोण रखती हैं और व्यर्थ की भावुकता में नहीं पड़तीं। रिसर्च स्टडी में शामिल महिलाओं का मानना था कि रिश्ता वही अच्छा होता है जो टिकाऊ हो। संबंध स्थाई तौर पर बनने चाहिए, वहीं पुरुषों ने इसे लेकर कोई खास प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की। कई पुरुष पार्टनर से संबंध टूटने को लेकर दुखी भी पाए गए।

ब्रेकअप के लिए पुरुषों को जिम्मेदार ठहराया
इस स्टडी से पता चला कि ज्यादातर महिलाओं ने ब्रेकअप के लिए पुरुषों को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि अक्सर पुरुष संबंधों में ईमानदार नहीं रहते। वे दूसरी औरतों के साथ भी रिश्ता बनाने की कोशिश करते हैं और झूठ बोलते हैं। इसके अलावा, इमोशनल और फिजिकल एब्यूज को भी उन्होंने रिश्ता टूटने की एक वजह बताया। स्टडी के दौरान कई महिलाओं ने साफ कहा कि उनका एक्स पार्टनर सही आदमी नहीं था और उसके लिए वे किसी तरह की संवेदना महसूस नहीं करती हैं। वहीं, पुरुषों ने कहा कि रिश्ता टूटने की सही वजह के बारे में वे कुछ भी नहीं बता सकते, क्योंकि उन्हें नहीं पता कि आखिर ऐसा क्यों हुआ।