Akshaya Navami Deepdaan Vidhi: अक्षय नवमी 2026 पर पान के पत्ते पर आंवले रखकर कैसे करें दीपदान? जानें आंवले का दीपक बनाने की विधि, शुभ मंत्र, पूजा का सही समय और दीपदान के बाद किए जाने वाले जरूरी काम।

Akshaya Navami 2026: हिंदू धर्म में अक्षय नवमी का विशेष महत्व माना जाता है। इसे आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है। इस साल 18 नवंबर 2026, बुधवार को अक्षय नवमी मनाई जा रही है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के साथ आंवले के पेड़ की पूजा करने का विधान है। कहते हैं कि अक्षय नवमी पर आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर भोजन करने से सुख-समृद्धि और आरोग्य का आशीर्वाद मिलता है।

इस दिन पूजा-पाठ के साथ दीपदान करना भी बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि आंवले के दीपक जलाने और भगवान विष्णु की आराधना करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है। खास बात यह है कि इस दिन पान के पत्ते पर आंवले रखकर दीपदान करने की परंपरा भी निभाई जाती है। आइए जानते हैं आंवले का दीपक बनाने का तरीका, दीपदान की सही विधि और पूजा के अंत में कौन-सा काम करना जरूरी माना जाता है।

अक्षय नवमी पर दीपदान के लिए क्या-क्या चाहिए?

आंवला नवमी पर दीपदान करने के लिए कुछ विशेष सामग्री की जरूरत होती है। इसके लिए आप ये चीजें पहले से तैयार रख सकते हैं।

  • 5, 7, 11 या 21 बड़े और ताजे आंवले
  • गाय का शुद्ध घी
  • रुई की बत्तियां
  • पान के पत्ते
  • रोली और अक्षत
  • फूल और तिल

कैसे बनाएं आंवले का दीपक?

सबसे पहले ताजे और बड़े आकार के आंवले लेकर उन्हें अच्छी तरह धो लें। इसके बाद साफ कपड़े से पोंछकर सुखा लें। अब आंवले के निचले हिस्से को थोड़ा समतल कर दें, ताकि वह आसानी से टिक सके। इसके बाद ऊपर की तरफ बीच में छोटा-सा गड्ढा बनाएं। ध्यान रखें कि इसमें घी और रुई की बत्ती आसानी से रखी जा सके।

पान के पत्ते पर ऐसे सजाएं आंवले के दीपक

आंवले का दीपक तैयार होने के बाद एक साफ पान का पत्ता लें। उस पर अपनी श्रद्धा के अनुसार 5, 7, 11 या 21 आंवले सजाएं। अब हर आंवले के गड्ढे में थोड़ा गाय का घी डालें और रुई की बत्ती रखें। इसके बाद रोली, अक्षत, तिल और फूल चढ़ाकर दीपकों का पूजन करें।

अक्षय नवमी पर किस समय और कहां करें दीपदान?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय नवमी पर संध्या काल यानी प्रदोष काल में दीपदान करना शुभ माना जाता है। अगर आपके घर में आंवले का पेड़ है तो उसके नीचे दीपक जलाकर पूजा करें। इसके बाद आंवले के पेड़ की 7 या 108 बार परिक्रमा करने की परंपरा है।

अगर घर के आसपास आंवले का पेड़ उपलब्ध नहीं है तो पूजा स्थल, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के सामने, तुलसी के पौधे के पास या घर के मुख्य द्वार पर भी दीपक जला सकते हैं।

दीपदान करते समय किस मंत्र का करें जाप?

अक्षय नवमी पर दीपदान करते समय भगवान विष्णु के इस मंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप करना शुभ माना जाता है।

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः।

मान्यता है कि इस मंत्र के जाप से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।

दीपदान के बाद बिल्कुल न भूलें ये काम

आंवला नवमी पर दीपदान और परिक्रमा पूरी करने के बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विधि-विधान से आरती उतारें। पूजा के दौरान भगवान को फल, मिठाई या अन्य सात्विक सामग्री का भोग लगाएं। इसके बाद भोग को परिवार के सभी सदस्यों में प्रसाद के रूप में बांट दें।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, पूजा के अंत में आरती और प्रसाद वितरण करने से पूजन संपन्न माना जाता है। इस दिन जरूरतमंदों को अन्न, फल या अन्य वस्तुओं का दान करना भी शुभ माना जाता है।