Bhai Dooj 2026 Date and Time: भाई दूज 2026 कब मनाई जाएगी। जानें भाई दूज की सही डेट, भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त, द्वितीया तिथि, पूजा विधि समेत जरूरी डिटेल।
Bhai Dooj 2026 Tilak Timing: दिवाली के बाद अब भाई-बहन के प्यार और विश्वास का पर्व भाई दूज मनाने की तैयारी है। इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। वहीं, भाई अपनी बहनों को उपहार देकर हमेशा साथ निभाने का वादा करते हैं। हालांकि, 2026 में द्वितीया तिथि दो दिन पड़ने के कारण भाई दूज की तारीख को लेकर असमंजस है। ऐसे में अगर आप भी जानना चाहते हैं कि इस साल भाई दूज कब है और भाई को तिलक लगाने का सही समय क्या रहेगा, तो पंचांग के अनुसार पूरी जानकारी यहां जान लीजिए।
भाई दूज 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, भाई दूज हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाई जाती है। इसे भैया दूज और यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। साल 2026 में द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होगी और 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि की गणना के अनुसार, भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा। यानी इस साल बहनें 11 नवंबर को भाई का तिलक करेंगी।
ये भी पढ़ें- Govardhan Puja 2026: कब है गोवर्धन पूजा? क्यों बनाया जाता है गोबर से पर्वत, जानें 56 भोग और अन्नकूट की परंपरा
भाई दूज 2026 तिलक मुहूर्त: कितने बजे लगाएं भाई को तिलक?
भाई दूज पर तिलक लगाने के लिए दोपहर का समय शुभ बताया गया है। उपलब्ध पंचांग विवरण के अनुसार, 11 नवंबर को तिलक का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। इस दौरान बहनें विधि-विधान से भाई का तिलक और आरती कर सकती हैं।
भाई दूज 2026 की जरूरी तारीख और समय
- द्वितीया तिथि शुरू: 10 नवंबर, दोपहर 2 बजे
- द्वितीया तिथि समाप्त: 11 नवंबर, दोपहर 3:53 बजे
- भाई दूज की तारीख: 11 नवंबर 2026, बुधवार
- तिलक का शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:10 से 3:20 बजे तक
भाई दूज पर कैसे करें पूजा? जानें आसान विधि
इस दिन सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें। पूजा की थाली में रोली, अक्षत, चंदन, फूल, मिठाई, दीपक और नारियल रखें। शुभ मुहूर्त में भाई को आसन पर बैठाकर माथे पर तिलक लगाएं। इसके बाद आरती उतारें और मिठाई खिलाकर उसकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करें। भाई भी बहन को उपहार देकर उसके प्रति अपना स्नेह जताए।
ये भी पढ़ें- Diwali 2026: पूजा के बाद देवी देवी की प्रतिमा या तस्वीर कहां रखें, कैसे करें विसर्जन? जानें नियम
क्यों मनाई जाती है भाई दूज? जानें यमराज और यमुना की कथा
पौराणिक मान्यता के मुताबिक, भाई दूज का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना से है। कहा जाता है कि कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमराज अपनी बहन के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत किया, तिलक लगाया और भोजन कराया। बहन के प्रेम से प्रसन्न होकर यमराज ने वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाएगा, उसे सुखी और दीर्घायु जीवन का आशीर्वाद मिलेगा। तभी से भाई दूज पर तिलक और बहन के घर भोजन करने की परंपरा प्रचलित मानी जाती है।












