Devuthani Ekadashi 2026 Date: हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष महत्व है। इसे सबसे पवित्र तिथि माना जाता है। कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी को साल की सबसे बड़ी एकादशी कहा जाता है। इस बार देवउठनी एकादशी का व्रत 2 दिन किया जाएगा।
Devuthani Ekadashi 2026 Kab Hai: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और मांगलिक कामों की शुरुआत होती है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा की परंपरा है। कई जगह इस दिन तुलसी विवाह भी किया जाता है। साल 2026 में देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर को रखा जाएगा या 21 नवंबर को, इसे लेकर लोगों के मन में सवाल है। आइए जानते हैं सही तारीख और इस पर्व का महत्व...
देवउठनी एकादशी 2026 कब है?
पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होगी। इसका समापन 21 नवंबर, शनिवार को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा। उदया तिथि और व्रत की परंपरा के अनुसार, गृहस्थ यानी स्मार्त संप्रदाय के लोग 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का व्रत रखेंगे। वहीं वैष्णव संप्रदाय के लोग 21 नवंबर को गौण देवउठनी एकादशी का व्रत कर सकते हैं। इसलिए व्रत की तारीख अपनी परंपरा और स्थानीय पंचांग के अनुसार तय करें।
ये भी पढ़ें-
Gopashtami 2026: 17 या 18 नवंबर, कब करें गोपाष्टमी व्रत, कैसे करें पूजा? जानें मंत्र-मुहूर्त और आरती
स्मार्त संप्रदाय कौन होते हैं?
स्मार्त परंपरा में भगवान शिव, विष्णु, शक्ति, गणेश और सूर्य सहित कई देवी-देवताओं की पूजा की जाती है। इस परंपरा में गृहस्थ लोग आमतौर पर पंचांग की उदया तिथि यानी सूर्योदय के समय जो तिथि रहती है, उसके आधार पर व्रत और त्योहार मनाते हैं। अगर आप गृहस्थ हैं और आपने वैष्णव दीक्षा नहीं ली तो आप 20 नवंबर, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का व्रत करें?
ये भी पढ़ें-
Mangal Gochar 2026: 4 राशियों पर भारी आने वाले 45 दिन, नौकरी-बिजनेस, प्रॉपर्टी और सेहत सबके लिए खतरा
वैष्णव संप्रदाय कौन होते हैं?
जो लोग विधिवत रूप से अपने गुरु से वैष्णव संप्रदाय की दीक्षा और मंत्र लेते हैं, वे वैष्णव कहलाते हैं। ये लोग मुख्य रूप से भगवान विष्णु और उनके अवतारों, जैसे श्रीराम और श्रीकृष्ण की पूजा करते हैं। इनके व्रत के नियमों में दशमी तिथि का प्रभाव और सूर्योदय के समय एकादशी की स्थिति को खास ध्यान में रखा जाता है। ये लोग 21 नवंबर, शनिवार को देवउठनी एकादशी का व्रत करें।
देवउठनी एकादशी क्यों खास है?
धार्मिक मान्यता है कि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। इसके बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर भगवान विष्णु जागते हैं। इसी वजह से इसे देवउठनी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है। मान्यता है कि भगवान विष्णु के जागने के साथ ही मांगलिक और शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
Disclaimer
इस आर्टिकल में जो जानकारी है, वो धर्म ग्रंथों, विद्वानों और ज्योतिषियों से ली गईं हैं। हम सिर्फ इस जानकारी को आप तक पहुंचाने का एक माध्यम हैं। यूजर्स इन जानकारियों को सिर्फ सूचना ही मानें।












