Anant Ambani-Radhika Merchant wedding: 12 जुलाई को मुंबई में देश के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की शादी राधिका मर्चेंट से हुई। सनातन परंपराओं के चलते देश-दुनिया में ये शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। 

Hindu Rituals In Anant Ambani-Radhika Merchant wedding : देश के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी इन दिनों विश्व मीडिया में सुर्खियां बटोर रही है। ये शादी 12 जुलाई को मुंबई के जियो वर्ल्ड में हुई, जिसमें देश-विदेश के बड़े बिजनेसमैन, नेता, कलाकार शामिल हुए। इस शादी में हिंदू रीति-रिवाजों का पूरा ध्यान रखा गया। शादी में कन्यादान की रस्म के साथ ही गोदान यानी गायों का दान भी किया गया। बेटी के विवाह के समय गोदान की परंपरा धर्म ग्रंथों में बताई गई है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. नलिन शर्मा से जानिए कन्यादान के समय गोदान क्यों किया जाता है और इसका महत्व…

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सौभाग्य के रूप में किया जाता है गोदान
ज्योतिषाचार्य पं. नलिन शर्मा के अनुसार, हिंदू विवाह पद्धति में कन्या दान के समय गोदान की परंपरा भी है। समुद्र मंथन से सबसे पहली गाय कामधेनु प्रकट हुई थी। कामधेनु से ही संसार में गायों के वंश की वृद्धि हुई। समुद्र से प्रकट होने के कारण ही गाय को सौभाग्य का रूप माना जाता है। विवाह के दौरान कन्यादान के साथ गोदान भी किया जाता है। इसके पीछे ये मान्यता है कि लड़की अपने साथ सौभाग्य लेकर लड़के के घर में जा रही है।

गोदान के समय बोलते हैं ये मंत्र
हिंदू विवाह पद्धति के अनुसार, कन्यादान के बाद गोदान करने का विशेष महत्व है। गोदान करते समय ये मंत्र बोला जाता है-
ऊं माता रुद्राणां दुहिता वसूनां, स्वसादित्यानाममृतस्य नाभिः।
प्र नु वोचं चिकितुषे जनाय मा, गामनागामदितिं वधिष्ट॥
अर्थ- गाय रुद्रों की माता, वसुओं की पुत्री, आदित्यों की बहन और धृतरुप अमृत का खजाना है। गाय परोपकारी है, इसी से मनुष्यों का कल्याण संभव है।

क्यों किया जाता है गोदान?
धर्म ग्रंथों के अनुसार, गाय में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। कन्या के विवाह के समय गोदान करना पवित्रता और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। अन्य शुभ मौकों पर जैसे पूजा, हवन, यज्ञ आदि पर भी ब्राह्मण को गोदान करने से जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार भगवान श्रीराम ने जब अश्वमेध यज्ञ किया तो ब्राह्मणों को लाखों गाए दान में दी थीं। महाभारत में भी युधिष्ठिर के गोदान का जिक्र मिलता है।

गायों को क्यों माना गया है इतना पवित्र?
हिंदू धर्म में गाय को माता का स्थान दिया गया है। अनेक धर्म ग्रंथों में गायों का महत्व बताया गया है। उसके अनुसार-
कीर्तनं श्रवणं दानं दर्शनं चापि पार्थिव।
गवां प्रशस्यते वीर सर्वपापहरं शिवम्।।
अर्थ- गौओं के नाम और गुणों का कीर्तन सुनना, गौओं का दान देना और उनका दर्शन करना, इनकी शास्त्रों में बड़ी प्रशंसा की गयी है | गोदान से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और परम कल्याण होता है।

YouTube video player

क्या है अनंत-राधिका की शादी में दान की गई गायों का नाम?
अनंत अंबानी की शादी में राधिका मर्चेंट के पिता वीरेन मर्चेंट ने कन्या दान के साथ दो गायों का दान किया। बॉलीवुड सिंगर श्रेया घोषाल के साथ इन गायों का वीडियो भी काफी वायरल हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन गायों का नाम रिद्धि-सिद्धि है। ये गाय पुंगनूर ब्रीड की हैं, जिन्हें दुनिया की सबसे छोटी गाय कहा जाता है। गाय की ये प्रजाति दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश में विकसित की गई हैं। इनकी कीमत भी काफी अधिक होती है।


ये भी पढ़ें-

अंबानी की शादी में परपंराओं की जय-जयः क्यों चला 42 दिन तक भंडारा, जानें कारण?