शादी के ठीक अगले दिन, अर्जुन तेंदुलकर ने डी.वाई. पाटिल टी20 कप का सेमीफाइनल खेला। यह उनके क्रिकेट के प्रति समर्पण को दर्शाता है। इस मैच में उनकी टीम 5 विकेट से हार गई।
मुंबई: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने अपने काम के प्रति ऐसा समर्पण दिखाया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। अर्जुन अपनी शादी के ठीक अगले दिन ही क्रिकेट के मैदान पर उतर गए, जिसे देखकर फैंस भी हैरान हैं। वो डी।वाई। पाटिल टी20 कप का सेमीफाइनल मैच खेलने पहुंचे थे।
गुरुवार को मुंबई में अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चांदोक की शादी हुई थी। इस शादी में करीबी दोस्तों और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। लेकिन शादी के जश्न के तुरंत बाद, शुक्रवार को अर्जुन अपनी टीम डी।वाई। पाटिल ब्लू के लिए मैदान पर थे। मुंबई कस्टम्स के खिलाफ हुए इस मैच में हालांकि अर्जुन कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। उन्होंने 14 गेंदों में सिर्फ 9 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में अपने एक ओवर में 20 रन दे दिए। इस मैच में अर्जुन की टीम पांच विकेट से हार गई।
दिलचस्प बात यह है कि अर्जुन ने अपनी शादी से एक दिन पहले भी केनरा बैंक के खिलाफ एक लीग मैच खेला था। बेटे की शादी पर सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं देने वालों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, "अर्जुन और सानिया अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर रहे हैं। आप सबके प्यार और आशीर्वाद के लिए हम बहुत आभारी हैं। आपके संदेशों और शुभकामनाओं ने इस शादी को एक अविस्मरणीय अवसर बना दिया है।"
अर्जुन की पत्नी सानिया एक जाने-माने कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं। सानिया सालों से तेंदुलकर परिवार के करीब रही हैं और अर्जुन की बहन सारा की भी अच्छी दोस्त हैं। इन दोनों की सगाई अगस्त 2025 में हुई थी। अर्जुन तेंदुलकर फिलहाल घरेलू क्रिकेट में गोवा के लिए खेलते हैं और आने वाले आईपीएल 2026 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलेंगे। इससे पहले वो मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, जहां से लखनऊ ने उन्हें नीलामी में खरीदा था।


