Arshdeep Singh Injury Update: भारत-वेस्टइंडीज चौथे टी20 में अर्शदीप सिंह के कंधे पर तेज गेंद लगने के बाद संजू सैमसन ने उनकी चोट पर अपडेट दिया। सीरीज 2-2 से बराबर है और अब बेंगलुरु में निर्णायक मुकाबला खेला जाएगा।

India vs West Indies 5th T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराकर सीरीज 2-2 से बराबर कर दी। अब दोनों टीमों के बीच पांचवां और निर्णायक मुकाबला बेंगलुरु में खेला जाएगा। इस बीच भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की चोट को लेकर जानकारी दी है। संजू ने उम्मीद जताई कि अर्शदीप जल्द ठीक हो जाएंगे। वहीं, उन्होंने कहा कि भारतीय टीम आखिरी मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है और सीरीज का अंत जीत के साथ करना चाहती है।

अर्शदीप सिंह के कंधे पर कैसे लगी चोट?

चौथे टी20 मैच में भारतीय पारी के आखिरी ओवर के दौरान अर्शदीप सिंह चोटिल हो गए। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमर जोसेफ की तेज रफ्तार शॉर्ट गेंद उनके बाएं कंधे पर जा लगी। गेंद लगने के बाद अर्शदीप दर्द से परेशान नजर आए। इसके बाद मैदान पर मौजूद फिजियो ने उनकी जांच की। मैच के बाद संजू सैमसन ने अर्शदीप की स्थिति के बारे में बताया, "अर्शदीप अपने कंधे पर बर्फ लगा रहे हैं। उम्मीद है कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे। उन्हें तेज रफ्तार गेंद लगी थी। हम चाहते हैं कि वह जल्द स्वस्थ हो जाएं।"

और पढे़ं- सुनील गावस्कर शमर जोसेफ पर क्यों भड़के? भारत के खिलाफ चौथे T20I में खेल-भावना पर उठाए सवाल

आखिरी ओवर में क्या हुआ था?

भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 35 रन बनाने थे और टीम का केवल एक विकेट बचा था। ऐसे में शमर जोसेफ ने अर्शदीप के खिलाफ लगातार तेज बाउंसर गेंदें फेंकीं। इनमें से एक गेंद उनके बाएं कंधे पर लगी। चोट लगने के बावजूद अर्शदीप ने बल्लेबाजी जारी रखने की कोशिश की, लेकिन वह दर्द से परेशान दिखाई दिए। इसके बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने उन्हें बल्लेबाजी छोड़ने का संकेत दिया। इस तरह भारत की पारी खत्म हो गई और वेस्टइंडीज ने 24 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली।

क्रिकेट दिग्गजों ने उठाए सवाल

इस घटना के बाद पूर्व बंगाल क्रिकेटर श्रीवत्स गोस्वामी ने भी शमर जोसेफ की गेंदबाजी पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अर्शदीप के खिलाफ आखिरी गेंदों पर इस तरह की गेंदबाजी करना उनकी नजर में खेल भावना के अनुरूप नहीं था। उनका मानना था कि जोसेफ स्टंप्स को निशाना बनाकर भी गेंदबाजी कर सकते थे। सुनील गावस्कर ने भी इसे खेल भावना के खिलाफ बताएं।

आखिरी टी20 के लिए उत्साहित है टीम इंडिया

चौथा मैच हारने के बावजूद संजू सैमसन ने कहा कि भारतीय टीम निराश नहीं है। खिलाड़ी सीरीज के निर्णायक मुकाबले के लिए उत्साहित हैं और जीत हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। संजू ने कहा, "अब सीरीज 2-2 से बराबर है। सब कुछ बेंगलुरु में होने वाले आखिरी मैच पर निर्भर करेगा। हम इस मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वेस्टइंडीज की टीम को भी श्रेय देना होगा। उसने भारत आकर दो मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है।" वेस्टइंडीज ने सीरीज में शानदार वापसी करते हुए लगातार दो मैच जीते हैं। अब पांचवें टी20 मुकाबले में दोनों टीमों के बीच सीरीज जीतने के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।