आर्यमन बिड़ला पहले IPL में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी रह चुके हैं. 2018 की IPL मेगा नीलामी में राजस्थान ने आर्यमन बिड़ला को 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था.
बेंगलुरु: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को आदित्य बिड़ला ग्रुप और उसके साथियों ने 16,700 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। इस खबर के बाद खेल जगत की नजरें टीम के नए चेयरमैन आर्यमन विक्रम बिड़ला पर टिक गई हैं। आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमन सिर्फ एक बिजनेसमैन ही नहीं, बल्कि एक प्रोफेशनल क्रिकेटर भी रह चुके हैं।
आर्यमन बिड़ला पहले IPL में राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा थे। 2018 की IPL मेगा नीलामी में राजस्थान ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था। उस दौरान आर्यमन ने स्टार खिलाड़ी संजू सैमसन के साथ ड्रेसिंग रूम भी शेयर किया था। हालांकि, उन्हें पहले सीजन में प्लेइंग इलेवन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। कुछ मैचों में वह सिर्फ सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर मैदान पर उतरे थे। 2020 सीजन से पहले राजस्थान ने आर्यमन को रिलीज कर दिया था।
आर्यमन ने घरेलू क्रिकेट मध्य प्रदेश के लिए खेला है। वह RCB के मौजूदा खिलाड़ी रजत पाटीदार और KKR के स्टार वेंकटेश अय्यर के भी साथी खिलाड़ी रह चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 2017 में ओडिशा के खिलाफ डेब्यू किया था। आर्यमन ने 9 मैचों में एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से 414 रन बनाए। वहीं, 3 वनडे मैचों में उनके नाम सिर्फ 36 रन हैं। इसके बावजूद जब राजस्थान ने उन्हें IPL नीलामी में 30 लाख रुपये में खरीदा तो फैंस काफी हैरान हुए थे।
मानसिक तनाव और गंभीर चिंता (anxiety) के कारण 2019 में आर्यमन ने अचानक क्रिकेट से ब्रेक ले लिया था। उन्होंने 2019 में एक ट्वीट के जरिए फैंस को यह जानकारी दी थी। आर्यमन ने कहा था कि वह सही समय पर क्रिकेट में वापसी करेंगे, लेकिन इसके बाद उन्होंने कभी प्रोफेशनल क्रिकेट नहीं खेला। फरवरी 2023 में, आर्यमन और उनकी बहन अनन्या बिड़ला को आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी ग्रासिम इंडस्ट्रीज का डायरेक्टर बनाया गया था।
अब जब बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने RCB को खरीद लिया है, तो आदित्य बिड़ला ग्रुप के डायरेक्टर आर्यमन RCB के चेयरमैन के तौर पर काम करेंगे। टाइम्स ग्रुप के सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन होंगे। फैंस को उम्मीद है कि एक पूर्व खिलाड़ी का टीम को लीड करना RCB के भविष्य के फैसलों के लिए काफी अहम साबित होगा।


