BCCI ने उम्र धोखाधड़ी के लिए अंडर-19 स्पिनर रोहित यादव पर 2 साल का बैन लगाया है। दस्तावेजों में हेराफेरी के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। यह कार्रवाई उम्र फर्जीवाड़े पर BCCI की सख्त नीति को दर्शाती है।

मुंबई: BCCI ने अंडर-19 क्रिकेट में उम्र को लेकर होने वाले फर्जीवाड़े पर कड़ा एक्शन लिया है। डॉक्यूमेंट्स में हेराफेरी करने के आरोप में अंडर-19 टीम के लेग स्पिनर रोहित यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है। इतना ही नहीं, BCCI ने रोहित पर दो साल का बैन भी लगा दिया है, जिसके तहत वह किसी भी घरेलू मैच में नहीं खेल पाएंगे। रोहित यादव को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाले मैचों के लिए भारतीय स्क्वॉड में चुना गया था। लेकिन उम्र से जुड़े रिकॉर्ड्स में गड़बड़ी पाए जाने के बाद उन्हें टीम से हटा दिया गया।

BCCI ने आधिकारिक तौर पर बताया है कि रोहित यादव की जगह वनडे स्क्वॉड में सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के आर्यन सावसानिया और चार-दिवसीय मैचों के स्क्वॉड में हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के तन्मय बलोदा को शामिल किया गया है। उम्र का यह फर्जीवाड़ा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल और BCCI के एज वेरिफिकेशन सेल की जांच में सामने आया।

जांच में पता चला कि रोहित के बर्थ सर्टिफिकेट में कई गड़बड़ियां थीं और अलग-अलग सालों में उनका जन्म का साल 2006 से 2010 के बीच बदला गया था। रोहित यादव ने हाल ही में श्रीलंका दौरे पर भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। BCCI ने इस कार्रवाई से साफ कर दिया है कि खेल की गरिमा बनाए रखने के लिए उम्र की धोखाधड़ी जैसे मामलों में वह कोई नरमी नहीं बरतेगा। यह सभी राज्य क्रिकेट संघों के लिए भी एक कड़ा संदेश है।

भारत की नई अंडर-19 वनडे टीम: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी. यशवीर, शविन विनोद, मोहित उल्वा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल, आर्यन सावसानिया।

भारत की नई अंडर-19 मल्टी-डे टीम: यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा, अभिप्रय बिस्वास, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उल्वा, आर्यन यादव, तन्मय बलोदा।