KKR के कैमरन ग्रीन ने गुजरात के खिलाफ 79 रन बनाए। उनका एक सिक्स मैदान में रखी टाटा कार पर लगा, जिससे क्रिकेट विकास के लिए 5 लाख रुपये का दान मिला। इसके बावजूद KKR मैच हार गई।

अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भले ही हार गई हो, लेकिन टीम के लिए एक अच्छी खबर है। KKR के महंगे खिलाड़ी कैमरन ग्रीन फॉर्म में लौट आए हैं। इस मैच में उन्होंने एक धमाकेदार हाफ सेंचुरी लगाई और शुरुआती झटकों से टीम को उबारा। लेकिन इस मैच में उनके एक सिक्स की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, क्योंकि उस एक सिक्स की कीमत पूरे 5 लाख रुपये है!

यह दिलचस्प घटना मैच के 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर हुई। अशोक शर्मा की गेंद पर कैमरन ग्रीन ने लेग साइड की तरफ ज़ोरदार सिक्स लगाया। गेंद सीधे बाउंड्री के पास डिस्प्ले के लिए रखी गई 'टाटा सिएरा' (Tata Sierra) कार पर जाकर लगी।

दरअसल, टाटा मोटर्स ने इस IPL सीजन में एक खास ऐलान किया है। इसके मुताबिक, अगर मैच के दौरान किसी भी खिलाड़ी का शॉट सीधे मैदान में खड़ी कार पर लगता है, तो टाटा मोटर्स ग्रामीण स्तर पर क्रिकेट के विकास (Grassroots Cricket) के लिए 5 लाख रुपये का दान देगी। इसलिए, ग्रीन के इस एक सिक्स की वजह से अब 5 लाख रुपये क्रिकेट डेवलपमेंट फंड में जमा होंगे।

टीम के संकटमोचक बने ग्रीन

जब KKR के टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे और टीम मुश्किल में थी, तब कैमरन ग्रीन ने पारी को संभाला। सिर्फ 32 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद ग्रीन क्रीज पर आए और 55 गेंदों में 79 रनों की शानदार पारी खेली। इस मैच में कप्तान अजिंक्य रहाणे 'गोल्डन डक' (पहली गेंद पर शून्य) पर आउट होकर निराश हुए, जबकि टिम सीफर्ट ने 19 और अंकीश रघुवंशी ने 8 रन बनाए।

चौथे विकेट के लिए रोवमैन पॉवेल के साथ 55 रनों की कीमती साझेदारी करके ग्रीन ने टीम का स्कोर 180 तक पहुंचाया। हालांकि, इस लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस ने कप्तान शुभमन गिल के नाबाद 86 रनों की मदद से 19.4 ओवर में मैच जीत लिया।