Who is Chinmay Sutar: रणजी ट्रॉफी में चिन्मय सुतार ने इतिहास रच दिया। मिजोरम के इस बल्लेबाज ने नागालैंड के खिलाफ 400 रन की मैराथन पारी खेली और रणजी इतिहास में ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए। खास बात ये है कि कुछ समय पहले ही उन्होंने लिस्ट ए डेब्यू में सिर्फ 2 रन बनाए थे।

क्रिकेट में कुछ पारियां सिर्फ स्कोरबोर्ड नहीं बदलतीं, बल्कि खिलाड़ी का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज कर देती हैं। मिजोरम के चिन्मय सुतार ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के प्लेट मुकाबले में नागालैंड के खिलाफ ऐसी ही पारी खेली। सोमवार को दिमापुर में सुतार ने 400 रन ठोककर भारतीय घरेलू क्रिकेट में तहलका मचा दिया।

400 रन की पारी, रणजी इतिहास में दूसरा नाम

पहले बल्लेबाजी करते हुए मिजोरम ने दूसरे दिन 581/9 पर पारी घोषित की। इसमें सबसे बड़ा योगदान चिन्मय सुतार का रहा, जिन्होंने अकेले 400 रन बना डाले। इस उपलब्धि के साथ सुतार रणजी ट्रॉफी की एक पारी में 400 रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले महाराष्ट्र के बीबी निंबालकर ने 1948 में पुणे के खिलाफ नाबाद 443 रन बनाए थे। सुतार अब रणजी इतिहास में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। पृथ्वी शॉ 379 रन के साथ तीसरे और संजय मांजरेकर 366 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया का अगला मिशन न्यूजीलैंड! 22 अक्टूबर से टी20 सीरीज, जानिए कब और कहां होंगे मैच

46 चौके, 7 छक्के और 400 का आंकड़ा

सुतार की मैराथन पारी सिर्फ लंबी ही नहीं, बल्कि बेहद आक्रामक भी रही। उन्होंने 400 रन के दौरान 46 चौके और 7 छक्के लगाए। यानी बाउंड्री से ही उन्होंने 226 रन जुटाए। मिजोरम की पारी में जेहु एंडरसन ने भी 69 रन का योगदान दिया। इसके बाद टीम ने 581/9 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी।

सुतार की यह उपलब्धि उन्हें फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में ले गई है, जिन्होंने एक पारी में 400 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। इस सूची में ब्रायन लारा जैसे दिग्गज भी शामिल हैं। लारा ने वारविकशायर के लिए डरहम के खिलाफ नाबाद 501 रन बनाए थे।

जनवरी में 2 रन, अब सीधे क्रिकेट इतिहास में नाम

सुतार की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि कुछ महीने पहले तक उनका सफर इतना शानदार नहीं दिख रहा था। जनवरी में मुंबई के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में लिस्ट ए डेब्यू करते हुए वह महाराष्ट्र के खिलाफ सिर्फ 2 रन पर रन आउट हो गए थे।

इसके बाद मिजोरम के लिए फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया। मणिपुर के खिलाफ पहली पारी में 35 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में 99 रन जड़े। अब नागालैंड के खिलाफ 400 रन की ऐतिहासिक पारी ने उनका नाम रिकॉर्ड बुक में पहुंचा दिया है।

यह भी पढ़ें: वेस्टइंडीज ने खोली टीम इंडिया की पोल! क्यों श्रेयस अय्यर से बेहतर कप्तान साबित हुए रोहित-सूर्या?