IPL 2026 में गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हराया। 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली आखिरी गेंद तक पहुंची, लेकिन जीत नहीं पाई। केएल राहुल (92) और मिलर (41) की पारियां बेकार गईं।
DC vs GT Last over: IPL 2026 के अब तक के सबसे रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को महज 1 रन से हराते हुए जीत हासिल की। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए गुजरात टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने शुभमन गिल, वॉशिंगटन सुंदर और जोस बटलर की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 210 रन का बड़ा स्कोर बनाया।
दिल्ली कैपिटल्स की धमाकेदार शुरुआत
जवाब में 211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद शानदार रही। पथुम निसंका और केएल राहुल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 76 रन की मजबूत पार्टनरशिप की। 9वें ओवर में पथुम निसंका 41 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन राहुल डटे रहे। दिल्ली को दूसरा झटका 10वें ओवर में लगा, जब नीतीश राणा आउट हो गए। इसके तुरंत बाद राशिद खान ने अगली ही गेंद पर समीर रिजवी को शून्य पर आउट कर दिया। इन झटकों के बावजूद केएल राहुल एक छोर पर टिके रहे और तेजी से रन बनाते रहे। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। राहुल ने 52 गेंद में 92 रन बनाए, जिसमें जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे। हालांकि, 17वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने उनका विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। राहुल के आउट होने के बाद दिल्ली की टीम दबाव में आ गई लेकिन डेविड मिलर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंद में 41 रन बनाए। हालांकि, आखिरी ओवर में दिल्ली को जीत तक पहुंचाने के बाद भी वो मैच हार गए।
आखिरी ओवर का रोमांच: 6 गेंद में चाहिए थे 13 रन
आखिरी ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 6 गेंद में 13 रन की जरूरत थी। लेकिन दिल्ली 1 रन से हार गई।
- पहली गेंद - प्रसिद्ध कृष्णा के ओवर की पहली गेंद में विप्रज निगम ने चौका मारा।
- दूसरी गेंद - विप्रज निगम ने प्रसिद्ध कृष्णा की बाउंसर पर हवा में शॉट खेला, जिस पर शुभमन गिल ने उनका कैच लपक लिया।
- तीसरी गेंद - ओवर की तीसरी बाल पर कुलदीप यादव ने 1 रन लेकर स्ट्राइक डेविड मिलर को दी।
- चौथी गेंद - डेविड मिलर ने प्रसिद्ध कृष्णा की चौथी गेंद पर खड़े-खड़े 106 मीटर लंबा छक्का जड़ दिया।
- पांचवी गेंद - 5वीं गेंद पर डेविड मिलर ने शॉट खेला। दोनों एक रन लेने के लिए दौड़े भी लेकिन मिलर ने मना कर दिया। इस तरह मैच को बराबर करने का मौका गंवा दिया।
- आखिरी गेंद - छठी गेंद डेविड मिलर से मिस होकर विकेटकीपर जोस बटलर के हाथ में गई। दोनों रन लेने के लिए दौड़े लेकिन कुलदीप यादव नॉन-स्ट्राइकर एंड पर नहीं पहुंच पाए और रन आउट हो गए। हालांकि, मिलर ने इस गेंद को वाइड करार देने के लिए रिव्यू भी लिया, लेकिन अंपायर ने उसे फेयर डिलिवरी करार दिया। इस तरह रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स 1 रन से हार गई।
