आज चेन्नई में CSK और SRH के बीच प्लेऑफ के लिए अहम मुकाबला है। सबकी नजरें एमएस धोनी पर हैं, क्योंकि यह उनका आखिरी घरेलू मैच हो सकता है और उनके रिटायरमेंट की अटकलें तेज हैं। दोनों टीमों के लिए यह जीत जरूरी है।
चेन्नई: IPL में आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से है। यह मैच चेन्नई में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों टीमों के लिए यह मैच जीतना बेहद ज़रूरी है, लेकिन सबकी नज़रें पूर्व कप्तान एमएस धोनी पर टिकी हैं। सवाल यह है कि क्या धोनी इस सीज़न का अपना आखिरी घरेलू मैच खेलेंगे? धोनी इस सीज़न में अब तक एक भी मैच नहीं खेले हैं, लेकिन उन्होंने काफी देर तक बैटिंग प्रैक्टिस की है, जिससे फैंस की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

धोनी ने पहले ही इशारा किया था कि वह अपने करियर का आखिरी टी20 मैच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेलेंगे। इसलिए, ऐसी अटकलें तेज़ हो गई हैं कि 'थाला' आज के मैच के बाद रिटायरमेंट का ऐलान कर सकते हैं। चेन्नई में पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना के पहुंचने से इन चर्चाओं को और हवा मिल गई है। बता दें कि सीज़न की शुरुआत में पिंडली में चोट लगने की वजह से धोनी अब तक एक भी मैच नहीं खेले हैं। CSK कैंप से ऐसी भी खबरें आई थीं कि धोनी युवा खिलाड़ियों को ज़्यादा मौके देने के लिए बाहर बैठे हैं।
फिलहाल, CSK 12 मैचों में 12 पॉइंट्स के साथ टेबल में छठे नंबर पर है। उनका नेट रन रेट (+0.027) भी कुछ खास नहीं है, इसलिए प्लेऑफ की उम्मीदें ज़िंदा रखने के लिए आज की जीत बहुत ज़रूरी है। अगर CSK अपने बचे हुए दोनों मैच जीत भी लेती है, तब भी प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ की ओपनिंग जोड़ी पर टीम को भरोसा तो है, लेकिन दोनों एक साथ नहीं चल पा रहे हैं और उनका स्ट्राइक रेट भी चिंता का विषय है। मिडिल ऑर्डर में कार्तिक शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूती देते हैं, लेकिन हैदराबाद जैसी पावर-हिटिंग टीम के सामने CSK की गेंदबाज़ी थोड़ी कमज़ोर नज़र आती है। वहीं, 14 पॉइंट्स वाली हैदराबाद के लिए भी प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए यह जीत ज़रूरी है।
SRH के तूफानी बल्लेबाज़ गुजरात के खिलाफ़ नहीं चल पाए थे, जो टीम के लिए एक बड़ा झटका था। टीम की पूरी उम्मीद अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन पर टिकी है। अगर इनमें से दो भी क्रीज़ पर जम गए, तो मैच का रुख बदल सकते हैं। पैट कमिंस की कप्तानी वाली गेंदबाज़ी भी टीम की एक बड़ी ताकत है। आपको याद दिला दें कि जब ये दोनों टीमें हैदराबाद में भिड़ी थीं, तो सनराइजर्स ने चेन्नई को 10 रनों से हराया था।
