IND vs PAK U19 Final: गौतम गंभीर ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप 2026 जीतने वाली टीम इंडिया की तारीफ की। आर्यवीर, मोहित और मनाल के प्रदर्शन ने दिल जीता।
अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय युवा टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की इस शानदार जीत से देशभर के क्रिकेट प्रशंसक उत्साहित हैं। भारतीय राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में टीम इंडिया के जज्बे, आत्मविश्वास और संघर्ष की जमकर तारीफ की। गंभीर ने कहा कि दृढ़ संकल्प का कोई बैटिंग ऑर्डर नहीं होता।
गौतम गंभीर ने टीम इंडिया की जीत पर क्या कहा?
- पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को 338 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला था। लगातार विकेट गिरने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और आखिरी गेंद पर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
- इस जीत के बाद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पहले ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए लिखा, "निडर क्रिकेट। अटूट विश्वास। दृढ़ संकल्प का कोई बैटिंग ऑर्डर नहीं होता!!
- एशिया के चैंपियन! बहुत बढ़िया, लड़कों!" गंभीर का यह बयान अब चर्चा में है। दरअसल, मुकाबले के दौरान एक समय भारतीय टीम ने 42वें ओवर तक 252 रनों पर 8 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में टीम की जीत मुश्किल दिखाई दे रही थी, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर मैच का रुख बदल दिया।
मोहित उल्वा और मनाल चौहान ने दिलाई ऐतिहासिक जीत
- 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम को आखिरी समय में मोहित उल्वा और मनाल चौहान ने संभाला। मनाल ने 47 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि मोहित उल्वा 49 रन बनाकर नाबाद रहे।
- दोनों बल्लेबाजों ने दबाव के बावजूद शानदार बल्लेबाजी की। मुकाबले की आखिरी गेंद पर मोहित उल्वा ने चौका लगाकर भारत को एक विकेट से जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप का नौवां खिताब अपने नाम किया।
आर्यवीर सहवाग बने प्लेयर ऑफ द मैच
फाइनल मुकाबले में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वह पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे। आर्यवीर ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने 17.4 ओवर में 95 रनों की साझेदारी की। आर्यवीर ने टूर्नामेंट की पांच पारियों में 90.25 की औसत से कुल 361 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए।
आर्यवीर को था 338 रन का लक्ष्य हासिल करने का भरोसा
- जीत के बाद आर्यवीर ने बताया कि भारतीय ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को भरोसा था कि वे पाकिस्तान के स्कोर को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीम की चर्चा में पिच को बल्लेबाजी के लिए अच्छा बताया गया था।
- आर्यवीर के मुताबिक, अगर बल्लेबाज सामान्य तरीके से खेलते और अपने पारंपरिक शॉट लगाते, तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता था। टीम को अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा था।
आर्यवीर ने लक्ष्य, मोहित और मनाल की तारीफ की
- आर्यवीर सहवाग ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ मोहित उल्वा और मनाल चौहान की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि टीम मीटिंग में आखिरी 10 ओवरों में 100 से 120 रन बनाने की रणनीति पर चर्चा होती है। ऐसे में किसी बल्लेबाज का अंत तक क्रीज पर टिके रहना जरूरी था।
- उन्होंने कहा, “लक्ष्य ने ऐसा ही किया, इसलिए उन्हें सलाम। और जाहिर है, अंत में मोहित और मनाल ने जो किया, वह वाकई कमाल का था; उन्हें भी सलाम।”














