India vs Ireland T20: आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की 0-2 से हार के बाद आइसलैंड क्रिकेट ने गौतम गंभीर पर तंज कसा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस पोस्ट के बाद टीम सिलेक्शन और गंभीर की रणनीति पर नए सवाल खड़े हो गए।

Iceland Cricket Viral Post: आयरलैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई दो मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम को 0-2 से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। यह हार इसलिए भी बहुत बुरी मानी जा रही है, क्योंकि क्रिकेट इतिहास में पहली बार आयरलैंड ने भारत को किसी द्विपक्षीय टी20 सीरीज में हराया है। दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया सिर्फ 1 रन से मैच हार गई। इस हार के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट की जमकर आलोचना की। इसी बीच आइसलैंड क्रिकेट ने भी भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर पर मजेदार अंदाज में तंज कस दिया। उनका पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गौतम गंभीर पर क्या बोला आइसलैंड क्रिकेट?

आइसलैंड क्रिकेट का ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट अपने मजाकिया पोस्ट के लिए काफी मशहूर है। भारत की हार के बाद उन्होंने X पर लिखा- "हम कन्फर्म कर सकते हैं कि हम गौतम गंभीर को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल नहीं करना चाहते। हालांकि, उनमें टैलेंट तो साफ दिखता है। भारतीय खिलाड़ियों को लेकर आयरलैंड में ऐसे नतीजे देने के लिए सचमुच जबरदस्त काबिलियत की जरूरत होती है।" यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया। कुछ लोगों ने इसे मजेदार बताया, जबकि कई भारतीय फैंस ने इसे टीम इंडिया का मजाक उड़ाना करार दिया।

Scroll to load tweet…

और पढे़ं- गौतम गंभीर ने डुबो दी टीम इंडिया की नैया, साल 2024 में दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

पहले भी गंभीर पर साध चुके हैं निशाना

यह पहली बार नहीं है जब आइसलैंड क्रिकेट ने गौतम गंभीर पर तंज कसा हो। इससे पहले न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की हार के बाद भी उन्होंने ऐसा ही पोस्ट शेयर किया था। तब उन्होंने लिखा था कि "हमारी टीम के कोच की जगह पहले से भरी हुई है, इसलिए गौतम गंभीर को ऑफर नहीं दिया जाएगा।" उस पोस्ट पर भी फैंस ने जमकर रिएक्शन दिए थे।

दूसरे मैच में क्यों हारी भारतीय टीम?

भारत बनाम आयरलैंड सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए। लक्ष्य बड़ा नहीं था, लेकिन भारतीय बल्लेबाज अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके। पूरी टीम 20 ओवर में 153 रन ही बना सकी और भारत सिर्फ 1 रन से मुकाबला हार गया। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि खराब शॉट सिलेक्शम, बीच के ओवरों में धीमी बल्लेबाजी और सही खिलाड़ियों को प्लेइंग-11 में मौका न देना हार की बड़ी वजह रही। इस सीरीज में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। वह पूरी सीरीज बेंच पर ही बैठे रहे, जिसके बाद फैंस ने टीम चयन पर भी सवाल उठाए।

क्या बढ़ेंगी गौतम गंभीर की मुश्किलें?

गौतम गंभीर को 2024 में राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय टीम का हेड कोच बनाया गया था। उनके कार्यकाल में भारत ने कुछ यादगार जीत जरूर हासिल की हैं, लेकिन कई निराशाजनक हार भी झेली हैं। भारत अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज हार चुका है। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और अब आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी टीम को हार का सामना करना पड़ा। लगातार मिल रही हार के बाद गंभीर की रणनीति और टीम सिलेक्शन पर सवाल उठने लगे हैं। अब सभी की नजर 1 जुलाई से शुरू होने वाली भारत-इंग्लैंड सीरीज पर है। फैंस को उम्मीद है कि भारतीय टीम इस हार से सबक लेकर दमदार वापसी करेगी और आलोचकों को अपने प्रदर्शन से करारा जवाब देगी।