Virat Kohli Record in New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा के सामने कीवी तेज गेंदबाजों की कड़ी चुनौती होगी। जानिए मैट हेनरी, जैकब डफी और काइल जैमीसन किस रणनीति से भारतीय बल्लेबाजों को घेर सकते हैं।

Rohit Sharma ODI Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली वनडे सीरीज रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए बेहद अहम रहने वाली है। दोनों अनुभवी बल्लेबाजों की नजरें सिर्फ रन बनाने पर नहीं, बल्कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी पर भी है। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के सामने उनका प्रदर्शन इस सीरीज को और दिलचस्प बना सकता है। इस बार भारतीय बल्लेबाजों के सामने मैट हेनरी, जैकब डफी, काइल जैमीसन, ब्लेयर टिकनर और नाथन स्मिथ जैसी चुनौती होगी। इन गेंदबाजों के पास स्विंग, सीम मूवमेंट और एक्स्ट्रा उछाल से बल्लेबाजों को परेशान करने की क्षमता है। ऐसे में रोहित और कोहली को शुरुआत से ही संभलकर खेलना होगा।

रोहित शर्मा के लिए हेनरी बन सकते हैं बड़ी चुनौती

रोहित शर्मा को कई बार ऐसी गेंदों के सामने परेशानी हुई है, जो ऑफ स्टंप के आसपास पड़कर आखिरी समय में बाहर की तरफ स्विंग होती हैं। साल 2019 में वेलिंगटन में खेले गए पांचवें वनडे में मैट हेनरी ने इसी तरह की गेंद पर रोहित को बोल्ड कर दिया था। हेनरी की सबसे बड़ी ताकत नई गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता है। ऐसे में शुरुआती ओवरों में रोहित के लिए उनकी गेंदों को समझना अहम होगा। हालांकि, रोहित भी अपने आक्रामक अंदाज से गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं। अगर उन्होंने शुरुआत में पैर जमा लिए, तो कीवी गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

और पढे़ं- IND vs NZ 1st ODI: ऑकलैंड में बारिश ने रोका खेल, टॉस में देरी; ईडन पार्क की पिच पर किसे मिलेगा फायदा?

कोहली को फंसाने के लिए क्या होगी रणनीति?

विराट कोहली के सामने चुनौती थोड़ी अलग होगी। न्यूजीलैंड के गेंदबाज अक्सर चौथे स्टंप की लाइन पर गेंद डालकर उन्हें असमंजस में डालने की कोशिश करते हैं। इस लाइन पर कोहली को तय करना पड़ता है कि गेंद को खेलें या छोड़ दें। साल 2020 में ऑकलैंड में खेले गए तीसरे वनडे में टिम साउदी ने इसी रणनीति से कोहली को परेशान किया था। पहले उन्होंने आउटस्विंग गेंदें डालीं और फिर अंदर आती गेंद पर कोहली को बोल्ड कर दिया। टिम साउदी अब टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन मैट हेनरी ऐसी भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, जैकब डफी भी कोहली और रोहित को शुरुआत में खुलकर खेलने से रोकने की कोशिश करेंगे।

जैमीसन का अतिरिक्त उछाल बढ़ाएगा परेशानी

काइल जैमीसन अपनी लंबाई के कारण अच्छी लेंथ से भी एक्स्ट्रा उछाल हासिल कर सकते हैं। उनकी गेंदें कोहली को बाहरी किनारा लगाने पर मजबूर कर सकती हैं, जबकि रोहित को भी ऊपर उठती गेंदों के सामने सावधान रहना होगा।

आंकड़ों में कोहली-रोहित से आगे

न्यूजीलैंड में वनडे रिकॉर्ड की बात करें, तो विराट कोहली का प्रदर्शन रोहित शर्मा से बेहतर रहा है। रोहित ने वहां 14 मैचों में 36.41 की औसत से 437 रन बनाए हैं। उनके नाम चार अर्धशतक हैं। वहीं, कोहली ने 13 वनडे में 49.66 की औसत से 596 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक भी लगाया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रोहित और कोहली इस बार कीवी गेंदबाजों की चुनौती का सामना कैसे करते हैं।