IND vs NZ 2nd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे 7 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा। इस मुकाबले में मोहम्मद सिराज की टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में वापसी हो सकती है, जबकि आकिब नबी डार को बाहर बैठना पड़ सकता है। जानें दूसरे वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11...
India Playing 11 in 2nd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 7 नवंबर 2026 को वेलिंगटन में खेला जाएगा। पहले वनडे में जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया की नजरें अब दूसरा मैच जीतकर सीरीज में अपनी पकड़ मजबूत करने पर होंगी। इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग 11 में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज टीम से जुड़ चुके हैं और दूसरे वनडे में उनकी वापसी हो सकती है। वहीं, पहले मैच में प्रभाव नहीं छोड़ पाए आकिब नबी डार को बाहर बैठना पड़ सकता है।
दूसरे वनडे में मोहम्मद सिराज की हो सकती है वापसी
मोहम्मद सिराज पहले वनडे में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। वह न्यूजीलैंड में इंडिया ए की ओर से अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेलने में व्यस्त थे। यह मुकाबला 3 नवंबर तक क्राइस्टचर्च में खेला गया था। अब सिराज भारतीय वनडे टीम के साथ जुड़ चुके हैं। ऐसे में दूसरे वनडे में उनकी वापसी की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। सिराज के टीम में आने से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिल सकती है। नई गेंद से विकेट निकालने और दबाव के समय शानदार गेंदबाजी करने की उनकी क्षमता टीम इंडिया के लिए अहम साबित हो सकती है।
आकिब नबी डार की हो सकती है छुट्टी
दूसरी ओर, आकिब नबी डार को दूसरे वनडे में प्लेइंग 11 से बाहर बैठना पड़ सकता है। पहले मुकाबले में वह कोई विकेट हासिल नहीं कर पाए थे। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनकी जगह मोहम्मद सिराज को मौका दे सकता है। हालांकि, पहले वनडे में अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़ और अंशुल कंबोज ने अच्छी गेंदबाजी की थी। भारतीय टीम ने चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरने की रणनीति अपनाई थी। ऐसे में कप्तान शुभमन गिल दूसरे मुकाबले में भी इसी रणनीति को जारी रख सकते हैं।
कुलदीप यादव को फिर करना पड़ सकता है इंतजार
दूसरे वनडे में कुलदीप यादव को भी प्लेइंग 11 में जगह मिलने की संभावना कम नजर आ रही है। दरअसल, वेलिंगटन में तेज हवाओं और मौसम की परिस्थितियों के कारण तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। ऐसे में भारतीय टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतर सकती है। इसके अलावा, नितीश कुमार रेड्डी भी टीम के स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में अक्षर पटेल स्पिन गेंदबाजी के साथ ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं।
दूसरे वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
रोहित शर्मा
शुभमन गिल (कप्तान)
विराट कोहली
श्रेयस अय्यर
केएल राहुल (विकेटकीपर)
नमन धीर
अक्षर पटेल
अंशुल कंबोज
गुरनूर बराड़
अर्शदीप सिंह
मोहम्मद सिराज












