IND vs NZ Records: क्राइस्टचर्च में भारत ने न्यूज़ीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया है। अभिषेक शर्मा ने 'हिटमैन' को पीछे छोड़ा, तो अर्शदीप-तिलक ने भी वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए।
India vs New Zealand 2nd T20I Records: क्राइस्टचर्च में शनिवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया दूसरा टी-20 मैच कई मामलों में बेहद खास रहा। इस मैच में टीम इंडिया ने ना सिर्फ 4 विकेट से एक हारी हुई बाजी जीती, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। इस मुकाबले में एक ही झटके में रोहित शर्मा और भुवनेश्वर कुमार जैसे धुरंधरों के सालों पुराने रिकॉर्ड टूट गए। आइए जानते हैं कि इस मैच में कौन से 4 बड़े ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड बने...
रोहित शर्मा पीछे छूटे, अभिषेक शर्मा बने नए 'सिक्सर किंग'
टी-20 मैचों में शुरुआत के 6 ओवर यानी पावरप्ले में छक्के लगाने में अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। विस्फोटक बैटर अभिषेक अब टी-20 इंटरनेशनल के पावरप्ले में 100 छक्के ठोकने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पारी के तीसरे ओवर में मैट हेनरी की गेंद पर छक्का मारकर यह बड़ा मुकाम हासिल किया। अभिषेक ने 'हिटमैन' रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम पावरप्ले में 98 छक्के दर्ज हैं।
भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड टूटा, अर्शदीप बने नंबर-1
गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने गदर काट दिया है। अर्शदीप अब एक साल यानी कैलेंडर ईयर में भारत के लिए सबसे ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इस साल उनके नाम 38 विकेट हो गए हैं। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने साल 2022 में 37 विकेट लिए थे। इस मामले में तीसरे नंबर पर भी अर्शदीप का ही नाम है, जिन्होंने 2024 में 36 विकेट लिए थे। हालांकि, इसी नंबर पर वरुण चक्रवर्ती भी हैं, जिन्होंने 2025 में 36 विकेट लिए थे। सबसे बड़ी बात कि चौथे नंबर पर भी अर्शदीप ही बने हैं, जिन्होंने 2022 में 33 विकेट अपने नाम किए थे।
आधी टीम आउट होने के बाद भारत का सबसे बड़ा रनचेज
एक वक्त था जब भारत के 70 रन पर 5 विकेट गिर चुके थे और हार सामने नजर आ रही थी। लेकिन टीम इंडिया ने हार नहीं मानी और 181 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। 70 पर 5 विकेट गिरने के बाद इतनी खराब स्थिति से मैच जीतना, टी-20 इंटरनेशनल में भारत का आज तक का सबसे बड़ा सफल रनचेज है। इस लिस्ट में दुनियाभर में भारत अब दूसरे नंबर पर आ गया है। पहले नंबर पर पापुआ न्यू गिनी है, जिसने 2022 में 53 पर 5 विकेट गंवाने के बाद 204 रन बनाए थे।
बल्ले के बाद फील्डिंग में भी तिलक वर्मा बने 'सुपरमैन'
तिलक वर्मा ने इस मैच में सिर्फ बल्ले से ही नहीं, बल्कि अपनी फील्डिंग से भी वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। मैच में डैरिल मिचेल का शानदार कैच लपकते ही, इस साल उनके 26 कैच पूरे हो गए। इसी के साथ तिलक एक साल में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले दुनिया के नंबर-1 फील्डर बन गए हैं। उन्होंने इंडोनेशिया के डैनिलसन हावो का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने 25 कैच लिए हैं।


