IND vs NZ rain update: भारत और न्यूजीलैंड के बीच हैमिल्टन में खेले जाने वाले तीसरे वनडे पर बारिश का साया है। गीले आउटफील्ड के कारण टॉस में देरी हुई है। जानिए मैच कितने बजे शुरू होगा, कितने ओवर का खेल हो सकता है, बारिश के कारण मुकाबला रद्द हुआ तो क्या होगा और DLS नियम के तहत किस टीम को फायदा मिल सकता है।

IND vs NZ 3rd ODI Toss Time: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे वनडे मुकाबले पर बारिश का साया मंडरा रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यूजीलैंड के हैमिल्टन स्थित सेडन पार्क (Seddon Park) में खेला जाना है। लगातार बारिश और मैदान का आउटफील्ड गीला होने के कारण मैच का टॉस निर्धारित समय पर नहीं हो सका। मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए ग्राउंड स्टाफ को मैदान खेलने लायक बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। शुरुआत में बारिश रुकने के बाद मैदान से कवर हटा दिए गए थे, लेकिन कुछ देर बाद फिर से बारिश शुरू हो गई, जिसके कारण दोबारा कवर लगाने पड़े। हालांकि, इसके बाद मौसम में कुछ सुधार देखने को मिला और बारिश रुकने के साथ मैदान से कवर हटा दिए गए।

IND vs NZ 3rd ODI: कितने बजे होगा टॉस और कब शुरू होगा मैच?

बारिश के कारण पहले टॉस में देरी हुई। मुकाबले का टॉस भारतीय समयानुसार सुबह 7:00 बजे निर्धारित था, लेकिन इसे आगे बढ़ाकर सुबह 7:32 बजे कर दिया गया। वहीं, मैच शुरू होने का नया समय सुबह 8:00 बजे निर्धारित किया गया, लेकिन फिर बारिश की वजह से टॉस में देरी हो गई।

बारिश के कारण कितने ओवर का हो सकता है मैच?

अगर बारिश के कारण मुकाबला निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाता है, तो अंपायर और मैच अधिकारियों के पास उपलब्ध समय के अनुसार ओवरों में कटौती की जा सकती है। ऐसी स्थिति में मुकाबला 50 ओवर के बजाय 45, 40, 30 या उससे कम ओवर का भी हो सकता है। हालांकि, मैच कितने ओवर का खेला जाएगा, इसका फैसला मौसम, मैदान की स्थिति और उपलब्ध खेल समय को देखते हुए अंपायर करेंगे। यदि बारिश के कारण मैच छोटा होता है, तो दूसरी पारी का लक्ष्य डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत निर्धारित किया जाएगा। इस नियम के अनुसार दोनों टीमों के पास उपलब्ध ओवर और विकेट के आधार पर संशोधित लक्ष्य तय होता है। पिछले मुकाबले में भी DLS नियम लगाया गया था।

और पढे़ं- IND vs NZ: फ्री में मैच देखने का जुगाड़ नहीं मिला? ₹77 और ₹95 में ऐसे देखें SonyLIV पर पूरा मुकाबला

अगर बारिश के कारण मैच नहीं हुआ तो क्या होगा?

क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर बारिश के कारण भारत और न्यूजीलैंड का तीसरा वनडे पूरी तरह रद्द हो जाता है, तो क्या होगा? ऐसी स्थिति में मुकाबले का कोई परिणाम नहीं निकलेगा और मैच को 'नो रिजल्ट' घोषित किया जाएगा। वनडे क्रिकेट के नियमों के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में DLS के जरिए परिणाम निकालने के लिए दोनों टीमों को कम से कम 20-20 ओवर बल्लेबाजी का अवसर मिलना जरूरी होता है। हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में इसका अपवाद भी लागू होता है। यदि बारिश के कारण दोनों टीमों को न्यूनतम आवश्यक ओवर खेलने का अवसर नहीं मिलता, तो मुकाबला बिना किसी नतीजे के समाप्त हो सकता है। ऐसे में किसी भी टीम को इस मैच में जीत नहीं मिलेगी और सीरीज का स्कोर पहले जैसा ही रहेगा।

भारत की नजर जीत पर, न्यूजीलैंड के लिए अहम मुकाबला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में बारिश ने अहम भूमिका निभाई थी। भारतीय टीम ने दोनों मैचों में जीत दर्ज कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना रखी है। पहले वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया था, जबकि दूसरे मुकाबले में डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत चार रन से जीत हासिल की थी। अब तीसरे वनडे में भारतीय टीम की कोशिश अपनी जीत की लय बरकरार रखने की होगी, जबकि न्यूजीलैंड की टीम घरेलू मैदान पर वापसी करना चाहेगी। यदि मौसम साथ देता है, तो दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Seddon Park में न्यूजीलैंड का शानदार रिकॉर्ड

हैमिल्टन के सेडन पार्क में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ काफी अच्छा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच खेले गए आठ वनडे मुकाबलों में न्यूजीलैंड ने छह मैच जीते हैं, जबकि भारत को केवल एक मुकाबले में जीत मिली है। एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था। इसके अलावा, न्यूजीलैंड ने इस मैदान पर अपने पिछले 12 पूरे हुए वनडे मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज की है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने इस मैदान पर अपनी चुनौती साबित करने का अच्छा मौका होगा।