IND vs NZ 5th T20I: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी T20 मुकाबले में 20 ओवर में 8 विकेट पर 191 रन बनाए। ईशान किशन ने 61 और श्रेयस अय्यर ने 50 रनों की शानदार पारी खेली। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 192 रन बनाने होंगे। जानिए भारतीय पारी का पूरा हाल।
India vs New Zealand Score: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। इस तरह न्यूजीलैंड को जीत के लिए 192 रनों का लक्ष्य मिला। भारतीय पारी में ईशान किशन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, श्रेयस अय्यर ने भी तूफानी बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया।
ईशान किशन ने खेली तूफानी पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन 10 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, अभिषेक शर्मा भी महज 1 रन ही बना सके। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला। ईशान किशन ने 32 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वहीं, श्रेयस अय्यर ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 50 रन की शानदार पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय टीम बड़ी पार्टनरशिप बनाने में नाकाम रही। हालांकि, नमन धीर ने 33 रन और नीतीश कुमार रेड्डी ने 22 रन बनाकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। इसके चलते भारतीय टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाने में सफल रही।
और पढे़ं- हैमिल्टन में Team India का तूफानी क्रेज! ऑकलैंड से पहुंचे फैंस, बोले आज इंडिया जीतेगा
एडम मिलने रहे न्यूजीलैंड के सबसे सफल गेंदबाज
न्यूजीलैंड की ओर से एडम मिल्ने सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा नाथन स्मिथ और अन्य गेंदबाजों ने भी विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। अब न्यूजीलैंड को मुकाबला जीतने के लिए 20 ओवर में 192 रन बनाने होंगे। भारतीय टीम की कोशिश होगी कि आखिरी मुकाबला जीतकर सीरीज का अंत भी जीत के साथ किया जाए। हालांकि, भारत पहले ही लगातार तीन मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुका है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम आखिरी मैच जीतकर सीरीज का स्कोर 3-2 करना चाहेगी।




