Team India Viral Video: गॉल टेस्ट से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ियों का मजेदार अंदाज सामने आया है। मोहम्मद सिराज ने मस्ती-मस्ती में सरफराज खान के बाल काटने शुरू कर दिए, जबकि शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने भी नया हेयरकट कराया।

Mohammed Siraj Viral Video: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी मैदान पर पसीना बहाने के साथ-साथ ऑफ द फील्ड भी मस्ती करते नजर आ रहे हैं। इसी बीच भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम से जुड़ा एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आइए आपको दिखाते हैं, ये वीडियो...

सरफराज के साथ सिराज की मस्ती

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में मोहम्मद सिराज और सरफराज खान का मजेदार अंदाज देखने को मिल रहा है। दरअसल, कोलंबो में छुट्टी के दौरान कप्तान शुभमन गिल, ऋषभ पंत और सरफराज खान एक लोकल हेयर स्टाइलिस्ट के पास हेयरकट कराने पहुंचे थे। इसी दौरान सिराज ने मस्ती करते हुए ट्रिमर अपने हाथ में उठा लिया और सरफराज के बाल काटने लगे। वीडियो में सिराज ट्रिमर की सेटिंग को लेकर हेयर स्टाइलिस्ट से पूछते नजर आ रहे हैं। वहीं, सरफराज थोड़ा घबराए हुए दिखाई देते हैं। हालांकि, सिराज ने कुछ सेकंड तक ही यह मजाक किया और फिर ट्रिमर वापस हेयर स्टाइलिस्ट को दे दिया। इसके बाद स्टाइलिस्ट ने सरफराज का हेयरकट पूरा किया।

View post on Instagram

गिल और पंत का भी दिखा नया लुक

इस दौरान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने भी नया हेयरकट कराया। तीनों खिलाड़ियों ने लोकल हेयर स्टाइलिस्ट के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और उसके काम की तारीफ की। टीम इंडिया के खिलाड़ियों का यह हल्का-फुल्का अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है।

और पढे़ं- हार्दिक पांड्या के ट्रेड की फिर चर्चा, एक नहीं बल्कि 5 टीमें लगा सकती हैं दांव! जानें कौन कौन है रेस में

लंबे समय बाद टीम में लौटे सरफराज

सरफराज खान की भारतीय टेस्ट टीम में लंबे समय बाद वापसी हुई है। उन्हें साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या उन्हें गॉल टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी? बता दें कि भारतीय टीम 11 अगस्त को कोलंबो से गॉल के लिए रवाना हुई। टीम इंडिया करीब 9 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची है। पिछली बार 2017 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया था। अब शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया से एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

भारतीय टीम को लेकर पूछे जाने वाले सवाल

1. भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट कब खेला जाएगा?

15 अगस्त 2026 से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में।

2. सिराज ने किस खिलाड़ी के बाल काटने की कोशिश की?

मोहम्मद सिराज ने सरफराज खान के बाल काटने की मस्ती की।

3. सरफराज खान की टीम इंडिया में वापसी कैसे हुई?

साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया।