India Women Cricket Team: भारतीय महिला टीम और श्रीलंका महिला टीम के बीच 5 मैचों की टी20i सीरीज का ऐलान हो चुका है। विश्व चैंपियन बनने के बाद विमेन इन ब्लू पहली बार मैदान पर खेलने उतर रही हैं। साउथ अफ्रीका को फाइनल में हराकर चैंपियन बनी थी। 

INDW vs SLW T20i Series: भारतीय महिला टीम विश्व कप 2025 का खिताब जीतने के बाद मैदान पर वापसी करने जा रही है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने पहली बार महिला वनडे विश्व चैंपियन बनी थी। फाइनल में साउथ अफ्रीका को रौंदकर महिलाओं ने इतिहास रच दिया, जिसके बाद क्रिकेट फैंस के बीच जोश और ज्यादा हाई हो गया है। फैंस अगली बार अपनी महिला टीम को देखने को लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो अब खत्म हो चुका है। इसी बीच श्रीलंका के खिलाफ टी20i सीरीज का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। दोनों टीमों के बीच कुल 5 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। आइए उसपर नजर डालते हैं...

5 मैचों की टी20i सीरीज कब और कहां होंगी?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत और श्रीलंका महिला टीम के बीच होने वाली 5 मैचों की टी20i सीरीज का शेड्यूल रिलीज कर दिया है। पहला मुकाबला 21 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। दूसरा मैच 24 दिसंबर को इसी ग्राउंड में दोनों टीमें खेलने उतरेगी। उसके बाद तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए दोनों टीमें तिरुवनंतपुरम जाएगी, जहां 3 जनवरी को मुकाबला खेला जाएगा। चौथा टी20i 4 जनवरी 2026 और पांचवां टी20i 5 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में ही होगा। लास्ट के तीनों मुकाबले एक ही ग्राउंड पर लगातार 3 दिन खेला जाएगा।

और पढ़ें- WPL Auction 2026: दीप्ति शर्मा बनीं इतिहास की दूसरी सबसे महंगी खिलाड़ी, इन 5 की भी चमकी किस्मत

शादी के बीच क्या स्मृति मंधाना खेलेंगी सीरीज?

श्रीलंका के खिलाफ 5 मैचों की टी20i सीरीज में सबसे बड़ा सवाल स्मृति मंधाना के खेलने को लेकर होगा। स्मृति इस समय कठिन परिस्थिति से गुजर रही है। पलाश मुच्छल के साथ 23 नवंबर को होने वाली शादी टल गई है और अभी तक नई डेट सामने नहीं आई है। उनके पिता की तबियत खराब होने के चलते अचानक शादी पोस्टपोंड हुई। ऐसे में अब सवाल है, कि क्या स्मृति श्रीलंका के खिलाफ खेलने जाएंगी...! ऐसा बिल्कुल संभव हो सकता है। स्मृति हमेशा टीम इंडिया के लिए खड़ी रही हैं। उनका चयन यदि होता है, तो वो जा सकती हैं। इसके अलावा वो अपनी निजी कारणों को लेकर समय ले सकती हैं।

वर्ल्ड कप में स्मृति मंधाना की रही थी बड़ी भूमिका

बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने महिला वनडे विश्व कप 2025 में कमाल की भूमिका निभाई थी। बल्ले से उन्होंने 9 इनिंग्स में 54.25 की औसत से 434 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 99.09 का रहा था। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में उन्होंने शतक जड़ा था। उन्होंने 109 रनों की लाजवाब पारी खेली थी। इसके अलावा साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में महत्वपूर्ण 45 रन बनाए थे और शेफाली वर्मा के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की थी।

और पढ़ें- विमेंस प्रीमियर लीग में अनुष्का शर्मा की एंट्री, 45 लाख रुपए में इस टीम में हुई शामिल