IND vs UAE: अंडर-19 एशिया कप में भारत ने UAE को 70 रन से हराया। आर्यवीर सहवाग ने 160 और वीके विनीत ने 67 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
IND vs UAE U19 Match Result: भारत ने अंडर-19 एशिया कप में UAE को 70 रन से हरा दिया है। मंगलवार को खेले गए वनडे मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई के सामने 310 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में यूएई की पूरी टीम 239 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की पारी में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने 168 बॉल पर 160 रन की पारी खेली। उन्होंने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 193 रन की साझेदारी की। विनीत ने 67 रन बनाए।
आर्यवीर सहवाग ने मारे 17 चौके 7 छक्के
UAE के खिलाफ मुकाबले में आर्यवीर सहवाग ने शुरुआत से ही शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने मैदान के चारों ओर रन बनाते हुए 168 गेंदों पर 160 रन बनाए। सहवाग ने अपनी पारी में 17 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनकी पारी की बदौलत भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। आर्यवीर ने अपनी बल्लेबाजी से न सिर्फ टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाज को भी खुलकर खेलने का मौका दिया। उनकी इस शानदार पारी ने मुकाबले में भारत की पकड़ मजबूत कर दी। शानदार बल्लेबाजी के लिए आर्यवीर सहवाग को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आर्यवीर ने शुभमन गिल के रिकॉर्ड की बराबरी की
वीरेन्द्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने अंडर-19 वनडे में भारत के लिए पांचवा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। उन्होंने शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल के 160 रनों की बराबरी की। इस फॉर्मेट में अंबाती रायडू के नाम सबसे बड़ी भारतीय पारी का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2002 में नाबाद 177 रन बनाए थे। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 175 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी दूसरे नंबर पर हैं।
सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से भिड़ेगा भारत
इस सीरिज में दोनों ग्रुप से कुल 4 टीमें प्वाइंट टेबल में टॉप पर हैं। ग्रुप A से भारत और पाकिस्तान टॉप 2 में हैं, जबकि ग्रुप B से अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने टॉप 2 में जगह बनाई है। ऐसे में पहला सेमीफाइनल पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला अफगानिस्तान से होगा। दोनों ही मैच 12 नवंबर को भारतीय समयानुसार 10.30 बजे से खेले जाएंगे।














