भारत-पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप मैच को लेकर चल रहा विवाद अंतिम चरण में है। PCB की कई मांगों को ICC ने खारिज कर दिया है। ICC ने पाकिस्तान को 24 घंटे का समय दिया है और जल्द आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है।

भारत के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-स्टेज मैच में पाकिस्तान के बायकॉट और संभावित यू-टर्न को लेकर चल रहा विवाद अब अपने आखिरी चरण में पहुंच गया है। इस मुद्दे को सुलझाने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB), बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बीच एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में आईसीसी ने पाकिस्तान और बांग्लादेश की तमाम मांगों को मानने से साफ इनकार कर दिया है। हालांकि, ICC ने साफ कहा कि इसके लिए बांग्लादेश पर कोई पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी और उसे आईसीसी रेवेन्यू में उसका तय हिस्सा मिलता रहेगा।

PCB ने ICC के सामने रखीं क्या मांगें?

सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ICC के सामने कई प्रस्ताव रखे। हालांकि, जय शाह की अगुवाई वाली ICC ने इनमें से ज्यादातर मांगों को सिरे से नकार दिया है। जानते हैं पाकिस्तान की डिमांड पर आईसीसी ने क्या जवाब दिया।

डिमांड नंबर 1: बांग्लादेश पर फाइनेंशियल पेनल्टी न लगे।

PCB ने कहा कि अगर बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेता है, तब भी उसे ICC रेवेन्यू का पूरा हिस्सा मिलना चाहिए।

ICC का जवाब: ICC ने साफ किया कि यह फैसला पहले ही लिया जा चुका है और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई वित्तीय पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी।

डिमांड नंबर 2: बांग्लादेश के लिए ICC का वैकल्पिक टूर्नामेंट कराने की मांग

PCB ने अगले ICC साइकिल में बांग्लादेश के लिए एक अतिरिक्त ICC इवेंट कराने की मांग की।

ICC का जवाब: ICC ने कहा कि अगले साइकिल में अंडर-19 वर्ल्ड कप को लेकर विचार किया जा रहा है।

डिमांड नंबर 3: भारत-पाकिस्तान बाइलेटरल सीरीज कराने की मांग

PCB ने भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज कराने के लिए ICC के हस्तक्षेप की मांग की।

ICC का जवाब: ICC ने इस मांग को खारिज कर दिया और कहा कि बाइलेटरल सीरीज उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आतीं, इसमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल भी शामिल है।

डिमांड नंबर 4: भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश ट्राई-सीरीज

PCB ने भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच एक ट्रायंगुलर सीरीज का प्रस्ताव रखा।

ICC का जवाब: ICC ने फिर से अधिकार क्षेत्र की कमी का हवाला देते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की इस मांग को भी ठुकरा दिया।

डिमांड नंबर 5: 2026 में भारत का बांग्लादेश दौरा

PCB ने बांग्लादेश के भारत दौरे को सुनिश्चित करने के लिए ICC की भूमिका की मांग की।

ICC का जवाब: ICC ने दखल देने से इनकार करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय दौरे बाइलेटरल समझौतों के तहत तय होते हैं।

ICC ने PCB को दिया 24 घंटे का समय

सूत्रों के मुताबिक, PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से सलाह लेने के लिए समय मांगा है। इसके बाद ICC ने PCB को 24 घंटे का समय दिया है। अगले 24 घंटों में एक फॉलो-अप मीटिंग होने की संभावना है। इसके साथ ही ICC की ओर से जल्द ही इस पूरे मामले पर आधिकारिक घोषणा की उम्मीद जताई जा रही है।

4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की वैल्यू वाला मैच

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान मैच की कुल वैल्यू 4,000 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। यही वजह है कि ICC इस गतिरोध को खत्म करने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है।