टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-A मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 209 रन बनाए। ईशान किशन (61) और हार्दिक पांड्या (52) चमके। वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की शानदार स्पिन से नामीबिया 116 रन पर सिमट गई।
India vs Namibia T20 Match Results: टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप-A के 18वें मुकाबले में टीम इंडिया ने नामीबिया को करारी शिकस्त दी। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस हार कर भारत को पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 209 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में नामीबिया की टीम 116 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने यह मैच 93 रन के बड़े अंतर से जीत लिया।
Spin Attack: वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल का कमाल
नामीबिया के बल्लेबाज वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की फिरकी में फंस गए। वरुण चक्रवर्ती ने 3 जबकि अक्षर पटेल ने 2 विकेट चटकाए। नामीबिया की ओर से सबसे ज्यादा 29 रन लॉरेन स्टीनकैम्प ने बनाए। उनके अलावा फ्राइलिंक ने 22 और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 18 रनों का योगदान दिया।
Team India Batting Performance: ताबड़तोड़ शुरुआत
अभिषेक शर्मा की जगह ओपनिंग करने उतरे संजू सैमसन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 8 गेंद में 22 रन ठोक भारत को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के लगाए। हालांकि, एक गलत शॉट खेलकर वो अपना विकेट फेंक कर चले गए। बाद में उनका रोल ईशान किशन ने निभाया और 24 गेंदों में 61 रन ठोक दिए। ईशान ने अपनी पारी में 6 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। कप्तान सूर्य कुमार यादव ने 12, तिलक वर्मा ने 25, शिवम दुबे ने 23 और हार्दिक पांड्या ने 52 रन बनाए। हार्दिक ने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए।
हार्दिक पांड्या बने मैन ऑफ द मैच
टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने जहां 28 गेंद में 52 रन बनाए वहीं गेंदबाजी में भी 21 रन देकर दो विकेट झटके।


