IND vs NZ: भारत-न्यूजीलैंड तीसरे वनडे में हैमिल्टन की पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। जानें टॉस, मौसम, संभावित प्लेइंग-11 और पिच रिपोर्ट।
India vs New Zealand 3rd ODI Match Preview: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला मंगलवार 10 नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा। इस मैच में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। ऑकलैंड और वेलिंगटन की तरह यहां भी पिच पर स्विंग और सीम मूवमेंट देखने को मिल सकता है। इसकी वजह न्यूजीलैंड में वसंत के मौसम में लगातार हो रही बारिश है, जिससे पिचों को तैयार करने में परेशानी हुई है।
तीसरे वनडे से एक दिन पहले सेडन पार्क के ग्राउंड स्टाफ को पिच तैयार करने के लिए सिर्फ आधा दिन मिला। इसके बाद बारिश शुरू हो गई और भारतीय टीम को इनडोर अभ्यास करना पड़ा। पिच के कवर के नीचे रहने से उसमें नमी बनी रह सकती है। वहीं, सुबह भी मौसम अच्छा रहने की उम्मीद कम ही है। अगर मौसम साफ रहा तो भारतीय समयानुसार टॉस सुबह 7 बजे होगा। वहीं, मैच साढ़े 7 बजे से खेला जाएगा।
हैमिल्टन में टॉस क्यों होगा खास?
- पिच और मौसम को देखते हुए इस मुकाबले में टॉस का महत्व बढ़ गया है। इसकी वजह यह है कि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को पता होगा कि उसे कितने रन बनाने हैं और किस रणनीति से खेलना है।
- वहीं, पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए मुश्किल परिस्थितियों में सही स्कोर का अंदाजा लगाना आसान नहीं होगा।
- बता दें कि न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने इस दौरे पर खेले गए 7 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सिर्फ एक बार टॉस जीता है।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव
- न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का प्रदर्शन भी चिंता का विषय है। विल यंग, टिम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स और टॉम लैथम की जगह को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इनमें से किसी एक बल्लेबाज को बड़ी पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाना होगा।
- दूसरी ओर, भारतीय गेंदबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों का अच्छा फायदा उठाया है। हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों, खासकर मिडिल ऑर्डर को संघर्ष करना पड़ा है। ये परिस्थितियां दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप से पहले टीम के लिए अच्छी तैयारी साबित हो सकती हैं।
शुभमन गिल और काइल जैमीसन पर नजर
हैमिल्टन में शुभमन गिल और काइल जैमीसन की टक्कर भी देखने लायक होगी। जैमीसन अपनी हार्ड लेंथ और सीम मूवमेंट से बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। वहीं, गिल वनडे की लय में हैं और टेस्ट सीरीज से पहले इस चुनौती का सामना करना चाहेंगे।
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग-11
विल यंग, टिम सीफर्ट, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, टॉम लैथम, मिचेल सैंटनर, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट फिशर/क्रिस्टियन क्लार्क और जैकब डफी।
भारत की संभावित प्लेइंग-11
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नमन धीर, अक्षर पटेल, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह।
Hamilton Pitch Report: बारिश डाल सकती है खलल
हैमिल्टन में मौसम का पूर्वानुमान अच्छा नहीं है। बारिश के कारण मैच में रुकावट आ सकती है। पिच पर नमी रहने से तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कुल मिलाकर तीसरे वनडे में दोनों टीमों के बल्लेबाजों की असल परीक्षा होगी।














