T20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग XI पर बहस तेज है। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा को आराम देने और उनकी जगह रिंकू सिंह को मौका देने की सलाह दी है।

IND vs NZ Final Today Live: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग XI को लेकर बहस तेज हो गई है। खासकर ओपनर अभिषेक शर्मा की जगह को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच, भारत के हेड कोच गौतम गंभीर को पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने साफ संदेश दिया है कि टीम को फाइनल से पहले बदलाव पर विचार करना चाहिए।

अभिषेक शर्मा के 7 पारियों में सिर्फ 80 रन

इस टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने 7 पारियों में सिर्फ 80 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। इसके अलावा कई अहम मैचों में वह जल्दी आउट हो गए। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भी वह सिर्फ 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में कई क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में टीम को अलग विकल्प पर विचार करना चाहिए।

मोहम्मद कैफ ने दिया बदलाव का सुझाव

पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि टीम इंडिया चाहे तो अभिषेक को फाइनल से पहले आराम दे सकती है। अपने यूट्यूब चैनल पर उन्होंने कहा कि छोटे फॉर्मेट में बदलाव करना कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि ब्रेंडन किंग के आउट ऑफ फॉर्म होने के कारण रोस्टन चेज ने भारत के खिलाफ ओपनिंग की थी। कुछ मैचों तक सपोर्ट देने के बाद टीम ने बड़े मुकाबले के लिए बदलाव किया। कैफ का कहना है कि जैसे संजू सैमसन को मौका दिया गया और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया, वैसे ही एक बदलाव टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

अभिषेक की जगह रिंकू सिंह को मौका देने की सलाह

अगर अभिषेक शर्मा को फाइनल में बाहर बैठाया जाता है, तो मोहम्मद कैफ के अनुसार रिंकू सिंह को उनकी जगह मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि रिंकू हर फॉर्मेट में लगातार रन बनाते रहे हैं, चाहे वह घरेलू क्रिकेट हो, रणजी ट्रॉफी हो या आईपीएल। कैफ का मानना है कि जब एक खिलाड़ी संघर्ष कर रहा हो और दूसरा अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद बेंच पर बैठा हो, तो टीम को बदलाव करने में हिचकिचाना नहीं चाहिए।

गेंदबाजी विकल्प के तौर पर कुलदीप या सिराज

अगर टीम इंडिया बल्लेबाज की जगह अतिरिक्त गेंदबाज शामिल करना चाहे, तो कैफ के मुताबिक कुलदीप यादव या मोहम्मद सिराज अच्छे विकल्प हो सकते हैं। दोनों खिलाड़ी अलग-अलग परिस्थितियों में विकेट लेने की क्षमता रखते हैं और बड़े मैच में टीम को अतिरिक्त मजबूती दे सकते हैं।

संजू सैमसन की फॉर्म ने बदली धारणा

टूर्नामेंट के दौरान संजू सैमसन की फॉर्म को लेकर भी सवाल उठे थे, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई।

अभिषेक और संजू के अनुभव में बड़ा अंतर

मोहम्मद कैफ के अनुसार अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के बीच सबसे बड़ा अंतर अनुभव का है। अभिषेक अभी ICC इवेंट्स के लिए काफी नए हैं। वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में खेलने का दबाव अलग होता है। दूसरी ओर संजू सैमसन ने टी20 क्रिकेट में 8000 से ज्यादा रन बनाए हैं और लंबे समय से बड़े मंच पर खेलते आ रहे हैं। उन्होंने करीब 11 साल पहले भारत के लिए डेब्यू किया था और अब एक स्थापित खिलाड़ी बन चुके हैं। कैफ का मानना है कि अभिषेक अभी युवा हैं और उन्हें अपने खेल पर और काम करने की जरूरत है। इसलिए उनकी तुलना अभी संजू सैमसन से नहीं की जानी चाहिए।