- Home
- Sports
- Cricket
- IND vs PAK: ईशान की आंधी, हार्दिक-बुमराह-अक्षर-वरुण की चौकड़ी, 10 PHOTO में पाकिस्तान पर भारत की जीत के खास लम्हे
IND vs PAK: ईशान की आंधी, हार्दिक-बुमराह-अक्षर-वरुण की चौकड़ी, 10 PHOTO में पाकिस्तान पर भारत की जीत के खास लम्हे
Ind vs Pak T20 Match Result: ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक अहम मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। इसके साथ ही भारतीय टीम सुपर-8 में भी क्वालीफाई कर गई है। देखते हैं भारतीय टीम की जीत के कुछ खास लम्हे।

T20 World Cup में पाकिस्तान पर भारत की 8वीं जीत
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ 9 मुकाबलों में यह भारत की 8वीं जीत रही। साथ ही भारत की लगातार जीत का सिलसिला अब 11 मैचों तक पहुंच गया है। पिछले टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने लगातार 8 मैच जीते थे। वहीं मौजूदा टूर्नामेंट में टीम इंडिया अब तक अपने तीनों मैच जीत चुकी है।
ईशान किशन की तूफानी पारी ने बदला मैच
भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरुआत में मजबूत नहीं रही और अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए। इसके बाद सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली। ईशान ने 40 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्कों की मदद से 77 रन बनाए।
ईशान-तिलक की 87 रन की बड़ी पार्टनरशिप
ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में ईशान का योगदान ज्यादा रहा और उन्होंने टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
हार्दिक पंड्या की घातक गेंदबाजी
हार्दिक पंड्या बल्ले से तो खाता नहीं खोल पाए, लेकिन गेंद से कमाल कर दिया। उन्होंने पहले ही ओवर में फॉर्म में चल रहे साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले पैवेलियन भेज दिया। फरहान ने एशिया कप 2025 में भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन इस मुकाबले में हार्दिक ने उन्हें मौका नहीं दिया। मैच का आखिरी विकेट भी हार्दिक ने ही लिया और पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा।
जसप्रीत बुमराह का शुरुआती झटका
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तानी पारी के दूसरे ओवर में 2 बड़े विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। पहले उन्होंने सैम अयूब को आउट किया। अयूब ने ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाया था, लेकिन अगली ही गेंद पर बुमराह ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।
एक के बाद एक झटकों से नहीं संभाल पाई पाकिस्तान
इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को 4 रन पर आउट कर दिया। इन झटकों से पाकिस्तान की टीम संभल नहीं सकी।
भारतीय स्पिनर्स का दबदबा
भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने दो अहम विकेट लिए। उन्होंने पहले बाबर आजम को बोल्ड किया और फिर सेट बल्लेबाज उस्मान खान को आउट किया।
कुलदीप-तिलक ने भी दिलाए विकेट
इसके अलावा कुलदीप यादव और तिलक वर्मा की स्पिन के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी विकेट लेकर दबाव बनाए रखा।
टॉस हारना भी साबित हुआ फायदेमंद
इस मैच में टॉस हारना भी भारत के लिए फायदे का सौदा रहा। पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, यह सोचकर कि भारतीय टीम को कम स्कोर पर रोका जा सके।
धीमी होती पिच पर बिखरती गई पाकिस्तान की बल्लेबाजी
हालांकि भारत ने 175 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, पिच धीमी होती गई और बल्लेबाजी मुश्किल होती चली गई। मैदान पर ओस नहीं थी, जिससे भारतीय गेंदबाजों को मदद मिली। स्पिन और तेज गेंदबाजों ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया।

