सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली है। सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में हैदराबाद के ईशान किशन ने 70 रन की शानदार पारी खेली, जबकि पैट कमिंस ने 3 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।

Who Won Yesterday Match CSK vs SRH: आईपीएल 2026 के 63वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हरा दिया। चेन्नई के चेपॉक में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में CSK ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 180 रन बनाए थे। जवाब में हैदराबाद ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अब प्लेऑफ का रास्ता बेहद मुश्किल हो गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हैदराबाद की पारी: ईशान किशन और क्लासेन ने पलटा मैच

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ट्रेविस हेड केवल 6 रन बनाकर दूसरे ओवर में मुकेश चौधरी का शिकार बने। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत की और 26 रन बनाए, लेकिन अकील हुसैन ने उन्हें आउट कर दिया। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी की। क्लासेन ने 26 गेंदों में 47 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। नूर अहमद ने उनका विकेट हासिल किया। क्लासेन के आउट होने के बाद ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। ईशान ने 47 गेंदों में 70 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे। नीतीश रेड्डी 11 रन ही बना सके। अंत में सलिल अरोड़ा (10*) और स्मरण रविचंद्रन (5*) ने टीम को जीत दिलाई। हैदराबाद के ईशान किशन को 47 गेंदों में शानदार 70 रन की पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

Aaj Kiska Match Hai: IPL Match Today 19 May 2026, आईपीएल में आज किसका मैच, प्लेऑफ की उम्मीद बचाने उतरेगी राजस्थान

चेन्नई की पारी: ब्रेविस और शिवम दुबे ने संभाला मोर्चा

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। पैट कमिंस ने संजू सैमसन को 27 रन पर आउट कर चेन्नई को पहला झटका दिया। उर्विल पटेल ज्यादा देर टिक नहीं सके और साकिब हुसैन ने उनका विकेट लिया। कार्तिक शर्मा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 32 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। लेकिन उन्हें भी पैट कमिंस ने पवेलियन भेज दिया। उस समय CSK का स्कोर 90/3 था। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ लय में नजर नहीं आए और 21 गेंदों पर सिर्फ 15 रन बना सके। उनका विकेट भी कमिंस ने लिया। इसके बाद शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस ने पांचवें विकेट के लिए 59 रन जोड़े। ब्रेविस ने 27 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 2 चौके शामिल थे। वहीं शिवम दुबे ने 23 गेंदों पर 26 रन का योगदान दिया। प्रशांत वीर पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। हैदराबाद की ओर से पैट कमिंस ने 3 विकेट लिए, जबकि साकिब हुसैन को 2 सफलताएं मिलीं।

गुजरात टाइटन्स को भी मिला प्लेऑफ टिकट

सनराइजर्स हैदराबाद की जीत का फायदा गुजरात टाइटंस को भी मिला। इस नतीजे के बाद गुजरात टाइटन्स का प्लेऑफ स्थान भी पक्का हो गया। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू पहले ही अंतिम-4 में जगह बना चुकी है। मौजूदा सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 मैचों में 8 जीत के साथ 16 अंक हासिल किए हैं। दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्स ने 13 मुकाबलों में सिर्फ 6 जीत दर्ज की है और उसके खाते में 12 पॉइंट्स हैं।