पूर्व पाकिस्तानी गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भविष्यवाणी की है कि भारत T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा। उनके अनुसार, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज बेहतर खेल रही हैं और सुपर-8 से आगे बढ़ेंगी। आमिर ने इसे अपनी निजी राय बताया है।
कराची: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक बड़ी भविष्यवाणी की है। उनका कहना है कि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाएगी। आमिर ने यह बात एक प्राइवेट चैनल पर चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें भारत से बेहतर खेल रही हैं, इसलिए उन्हें लगता है कि टीम इंडिया सुपर-8 राउंड में ही बाहर हो जाएगी।
सेमी फाइनल में पहुंचेगी साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज
आमिर की भविष्यवाणी है कि सुपर-8 के ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय बैटिंग लाइन-अप के प्रदर्शन को देखते हुए, टीम इंडिया के लिए इन दोनों टीमों को हराना मुश्किल होगा। आमिर ने साफ कहा, "इंडिया फाइनल में पहुंचे या न पहुंचे, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन मैं किसी के दबाव में आकर यह नहीं कह सकता कि भारत फाइनल में पहुंचेगा।"
भारत से बेहतर खेल रही हैं साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज
उन्होंने आगे कहा, "मैं यह नहीं कह रहा कि भारत एक खराब टीम है। लेकिन मौजूदा हालात में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज भारत से बेहतर खेल रही हैं। यह मेरी निजी राय है।" इससे पहले आमिर का एक बयान काफी चर्चा में रहा था, जिसमें उन्होंने भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा को सिर्फ एक 'स्लॉगर' बताया था। दिलचस्प बात यह है कि आमिर के इस बयान के बाद अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ मैच समेत दो मैचों में शून्य पर आउट हो गए।
एक तरफ आमिर की आलोचना है, तो दूसरी तरफ टीम इंडिया ग्रुप स्टेज में एक भी मैच हारे बिना सुपर-8 में पहुंची है। ग्रुप स्टेज में भारत ने पाकिस्तान, यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड्स जैसी टीमों को हराया। सुपर-8 में भारत के साथ साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे भी हैं, जो बिना कोई मैच हारे यहां तक पहुंची हैं। सुपर-8 में भारत का पहला मैच कल साउथ अफ्रीका से है। इसके बाद 26 तारीख को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज से मुकाबला होगा।


