रणजी में शानदार प्रदर्शन के बाद मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में वापसी की चर्चा है। रवि शास्त्री ने उनका एक किस्सा सुनाया। एक मैच में बिरयानी खाने पर डांट पड़ने के बाद शमी ने गुस्से में 6 ओवर में 5 विकेट लेकर भारत को जिताया था।

अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आजकल भारतीय क्रिकेट में चर्चा का विषय बने हुए हैं। अजीत अगरकर के बीसीसीआई सिलेक्शन कमेटी के चीफ पद से हटने के बाद, शमी की टीम इंडिया में वापसी को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने मोहम्मद शमी के बिरयानी प्रेम को लेकर एक बड़ा ही दिलचस्प किस्सा शेयर किया है।

पिछले डेढ़ साल से टीम इंडिया से बाहर हैं शमी

मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। इसके बाद चोट की वजह से शमी टीम से बाहर हो गए। फिटनेस हासिल करने और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद, अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमेटी बंगाल के इस तेज गेंदबाज को लगातार नजरअंदाज करती रही। टीम इंडिया के एक और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का हाल भी शमी से कुछ अलग नहीं था। पिछले दो आईपीएल सीजन में आरसीबी (RCB) को चैंपियन बनाने में भुवी ने अहम रोल निभाया था। अब प्रज्ञान ओझा की अगुवाई वाली अंतरिम सिलेक्शन कमेटी ने कीवी टीम के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भुवनेश्वर कुमार को भारतीय टीम में चुन लिया है। वहीं शमी ने रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट के पहले मैच में दिल्ली के खिलाफ घातक गेंदबाजी करके सबका ध्यान खींचा है। ऐसे में वो कीवी टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम से जुड़ने का सपना देख रहे हैं।

रवि शास्त्री ने खोला शमी के बिरयानी प्रेम का राज

कपिल शर्मा के कॉमेडी शो में पहुंचे रवि शास्त्री ने उस घटना को याद किया जब उन्होंने गुस्से में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को डांट लगाई थी। कपिल शर्मा ने उनसे पूछा कि हमने सुना है कि आपने शमी को बिरयानी खाते हुए देखकर डांटा था। आखिर वो पूरा किस्सा क्या था?

इस पर रवि शास्त्री ने बताया कि वो भारत और साउथ अफ्रीका के बीच एक बेहद कड़े मुकाबले वाला मैच था। साउथ अफ्रीका को जीतने के लिए सिर्फ 100 रन चाहिए थे और उनके हाथ में अभी भी आठ विकेट बाकी थे। लंच ब्रेक के दौरान शमी दबाकर बिरयानी खा रहे थे। मैंने ये देखा तो उस वक्त के बॉलिंग कोच भरत अरुण को बुलाया। मैंने उनसे कहा कि शमी के पास जाओ और पूछो कि वो इतनी बिरयानी क्यों खा रहा है। उसे अभी अच्छी बॉलिंग करनी है। अगर वो इस तरह बिरयानी खाएगा तो बॉलिंग करना मुश्किल हो जाएगा। मैंने उसे अलर्ट रहने को कहा था।

ये बात सुनकर मोहम्मद शमी सच में भड़क गए। इसी गुस्से में मैदान पर उतरकर शमी ने सिर्फ छह ओवर की बॉलिंग की और पांच विकेट चटका दिए। इसकी बदौलत भारतीय टीम ने वो टेस्ट मैच जीत लिया। रवि शास्त्री ने उन दिनों को याद करते हुए बताया कि इसके बाद मैंने फिर से भरत अरुण को बुलाया और कहा कि अब गरमा-गरम बिरयानी ले जाकर शमी को दे दो।