MS Dhoni Viral Post: भारतीय टीम के कैप्टन कूल रहे एमएस धोनी सोशल मीडिया पर कम ही पोस्ट शेयर करते हैं, लेकिन भारतीय टीम की जीत के बाद उन्होंने कुछ ऐसा पोस्ट किया जो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है।
MS Dhoni Viral Post on Team India T20 World Cup 2026 Win: T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की जीत के बाद सोशल मीडिया पर टीम को बधाई देने का सिलसिला जारी है। बॉलीवुड सेलिब्रिटीज से लेकर भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और आम जनता भी हर एक खिलाड़ी को बधाई दे रही है। इस बीच कैप्टन कूल रहे एमएस धोनी ने कुछ ऐसा पोस्ट किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने गौतम गंभीर की स्माइल की तारीफ की, तो बुमराह के बारे में कुछ ना लिखने की बात कही, आइए आपको दिखाते हैं एमएस धोनी का ये वायरल पोस्ट...
भारतीय टीम के लिए एमएस धोनी का वायरल पोस्ट
8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेला गया। इस मुकाबले को देखने के लिए भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी भी मौजूद रहे। वो भारतीय टीम के जीत के साक्षी बने, जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की और तीसरी ट्रॉफी अपने नाम की। जीत के बाद एमएस धोनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा- अहमदाबाद में इतिहास रच गया। टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते देखना बेहद सुखद था। इसके बाद उन्होंने लिखा- कोच साहब आप पर मुस्कान बहुत जंच रही हैं। जोश और मुस्कान का मेल कमाल का है। बहुत बढ़िया... आनंद लीजिए दोस्तों, इसके बाद उन्होंने लिखा- बुमराह के बारे में कुछ ना लिखूं तो ही अच्छा, चैंपियन बॉलर। सोशल मीडिया पर धोनी का ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और 5 मिलियन से ज्यादा लोग इसे लाइक कर चुके हैं।
2 साल बाद एमएस धोनी ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट
बता दें कि एमएस धोनी सोशल मीडिया पर कम ही एक्टिव रहते हैं। आखिरी पोस्ट उन्होंने अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के दौरान 14 जुलाई 2024 को किया था, जिसे 14 मिलियन लोगों ने लाइक किया था। इंस्टाग्राम पर एमएस धोनी के लगभग 50 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
ये भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के बाद BCCI का बड़ा ऐलान, टीम इंडिया की जर्सी पर अब कुछ नया दिखेगा...
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का प्रदर्शन
T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए, जिसमें सबसे ज्यादा रन संजू सैमसन के बल्ले से निकले। उन्होंने 40 गेंद में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। इसके अलावा अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन बनाए। गेंदबाजी में भी भारतीय टीम ने कमाल करके दिखाया और न्यूजीलैंड को 159 रनों पर ही ऑल आउट कर दिया। जिसमें जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा चार विकेट अपने नाम किए। वहीं, अक्षर पटेल ने 3, हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने भी एक-एक विकेट चटकाया और भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
