मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज दो धुरंधर टीमों के बीच अहम मुकाबला खेला जाना है। विल जैक्स की वापसी से MI को नया फिनिशर मिल सकता है, जबकि CSK के लिए शिवम दुबे और गायकवाड़ अहम रहेंगे। वानखेड़े पिच पर स्पिन असरदार दिखी है, लेकिन ओस के कारण चेज करना फायदेमंद हो सकता है।

MI vs CSK Match Preview: आईपीएल के 33वें मैच में आज 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स के बीच कांटे का मुकाबला होना है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मैच की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें MI के रोहित शर्मा जहां चोट के बाद वापसी कर सकते हैं, वहीं CSK के एमएस धोनी के भी खेलने की पूरी संभावना है। मैच का टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि पहली गेंद साढ़े 7 बजे फेंकी जाएगी।

MI टीम में विल जैक्स की वापसी: क्या बनेंगे नए फिनिशर?

निजी कारणों से कुछ समय का ब्रेक लेने के बाद विल जैक्स अब मुंबई इंडियंस (MI) टीम में शामिल हो गए हैं। उनकी मौजूदगी से टीम को प्लेइंग इलेवन में ज्यादा लचीलापन मिलता है। MI अब विरोधी टीम के हिसाब से अपने कॉम्बिनेशन में बदलाव कर सकती है—जैसे किसी मैच में मुख्य स्पिनर की जगह एक अतिरिक्त बल्लेबाज या तेज गेंदबाज को मौका देना। लेकिन टीम उनसे सबसे ज्यादा जिस चीज की उम्मीद कर रही है, वह है फिनिशर की भूमिका निभाना। सीजन की शुरुआत में यह जिम्मेदारी नमन धीर निभा रहे थे, लेकिन अब वे बैटिंग ऑर्डर में ऊपर आ गए हैं। दूसरे विकल्प जैसे तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या और शेरफेन रदरफोर्ड आमतौर पर पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या जैक्स आखिरी ओवरों में आकर तुरंत बड़े शॉट खेलने की क्षमता दिखा पाएंगे?

CSK की रणनीति: शिवम दुबे का रोल कितना अहम?

शिवम दुबे आमतौर पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के टॉप आठ बल्लेबाजों में इकलौते बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इस वजह से उनका क्रीज पर आने का समय बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। अगर CSK उन्हें पारी के बीच तक टिकाए रखती है, तो वे MI के गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं। खासतौर पर, यह MI की मिशेल सैंटनर की स्पिन गेंदबाज़ी रणनीति को प्रभावित कर सकता है। CSK के पास मिडिल ऑर्डर में दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे बल्लेबाज हैं, जो स्पिन के खिलाफ मजबूत माने जाते हैं। इसलिए कागज पर CSK उन टीमों में से एक लगती है, जिनके खिलाफ स्पिन गेंदबाजी करना आसान नहीं है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड: CSK vs MI

रिकॉर्ड की बात करें तो CSK ने MI के खिलाफ अपने पिछले पांच मुकाबलों में से चार में जीत हासिल की है। हालांकि, दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला पिछले साल वानखेड़े स्टेडियम में हुआ था, जिसमें MI ने 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी। उस मैच में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने नाबाद अर्धशतक लगाए थे।

ऋतुराज गायकवाड़ vs MI: फॉर्म में वापसी का मौका

ऋतुराज गायकवाड़ के लिए MI के खिलाफ मैच खास साबित हो सकते हैं। उन्होंने MI के खिलाफ नौ पारियों में तीन अर्धशतक लगाए हैं, जिनमें से दो उनके पिछले दो मैचों में आए हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्हें जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी के खिलाफ भी अच्छा रिकॉर्ड हासिल है। इन दोनों के बीच हुई भिड़ंत में गायकवाड़ ने 17 गेंदों में 29 रन बनाए हैं और एक बार भी आउट नहीं हुए हैं। इनकी टक्कर ने एक यादगार पल भी दिया था—साल 2021 में अबू धाबी में खेले गए मैच में गायकवाड़ ने आखिरी गेंद पर शानदार स्वीप शॉट लगाकर छक्का जड़ा था।

वानखेड़े पिच रिपोर्ट: क्या कहती है ‘पिच नंबर 7’?

हाल के मैचों में वानखेड़े की पिच नंबर 7 ने पारंपरिक हाई-स्कोरिंग ट्रैक से अलग प्रदर्शन किया है।

  • पिछले 6 T20 मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 179 रहा है।
  • पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम को 4 जीत और 2 हार मिली हैं।
  • पहली पारी का रन रेट 8.98 से घटकर दूसरी पारी में 8.57 रहा है।
  • स्पिनर्स (इकोनॉमी 7.71) तेज गेंदबाजों (9.38) से ज्यादा प्रभावी रहे हैं।

MI vs CSK: कैसा रहेगा वानखेड़े का मौसम

इन आंकड़ों के बावजूद, टॉस जीतने वाली टीम चेज करना पसंद कर सकती है। मुंबई में ओस का असर काफी रहता है, खासकर जब दिन का तापमान 30°C के आसपास पहुंचता है। हालांकि, मुंबई में गुरुवार को दिनभर तीखी धूप खिली रही, जिससे शाम को भी मौसम गर्म रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना बिल्कुल नहीं है। तापमान 32 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

मुंबई इंडियंस (संभावित प्लेइंग 11)

हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रोहित शर्मा/दानिश मलेवर, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, शेरफन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, क्रिष भगत, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह गजनफर और अश्विनी कुमार।

चेन्नई सुपर किंग्स (संभावित प्लेइंग 11)

ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), सरफराज खान, शिवम दुबे, महेंद्र सिंह धोनी, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह।