PAK vs SL: पाकिस्तान के लिए आज का मुकाबला बेहद अहम है। सेमीफाइनल की उम्मीद जिंदा रखने के लिए टीम को श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। पिच स्पिनर्स को मदद दे सकती है और हल्की बारिश मैच का गणित बदल सकती है।

PAK vs SL Match Today: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में आज पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ा दिन है। मुकाबला श्रीलंका से है और बड़ी जीत मिली, तो सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद जिंदा रहेगी, वरना सफर यहीं खत्म हो जाएगा। श्रीलंका के कैंडी के पल्लेकेले मैदान पर शाम 7 बजे मैच शुरू होगा, जिसका टॉस 6:30 बजे होगा। इंग्लैंड की जीत ने पाकिस्तान को एक और मौका दिया है। अब सब कुछ इस मैच पर टिका है। आइए जानते हैं आज के मैच में टॉस का क्या रोल रहेगा, बारिश की कितनी आशंका है और प्लेइंग-11 क्या हो सकती है...

पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए क्या करना होगा?

पाकिस्तान को सिर्फ जीत नहीं, बड़ी जीत चाहिए। टीम को कम से कम 64 रन के अंतर से यह मैच जीतना होगा। अगर पहले गेंदबाजी मिली और बाद में रन चेज करने पड़े, तो तय लक्ष्य 13.1 ओवर के अंदर पूरा करना जरूरी होगा।

SL vs PAK: दोनों टीमों का आमना-सामना

अब तक दोनों टीमें 29 टी-20 मुकाबलों में भिड़ चुकी हैं। पाकिस्तान ने 17 बार बाजी मारी है, जबकि श्रीलंका को 12 जीत मिली हैं। पिछली टक्कर में श्रीलंका ने करीबी मुकाबला जीता था, इसलिए इस बार भी टक्कर जोरदार रहने वाली है।

Pakistan vs Sri Lanka: किन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर?

श्रीलंका के पथुम निसांका (Pathum Nissanka) इस टूर्नामेंट में टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं। 6 मैचों में 200 से ज्यादा रन बना चुके हैं और एक शतक भी लगा चुके हैं। गेंदबाजी में महीश थीक्ष्णा (Maheesh Theekshana) ने कम रन देकर विकेट निकाले हैं। मिडिल ओवर्स में ये मैच पलट सकते हैं। पाकिस्तान की तरफ से बल्ले से सबसे ज्यादा रन साहिबजादा फरहान (Sahibzada Farhan) के नाम हैं। उनका स्ट्राइक रेट भी शानदार है और एक शतक भी लगा चुके हैं। गेंद से असरदार उस्मान तारिक (Usman Tariq) रहे हैं, जो लगातार विकेट निकाल रहे हैं और रन भी कम दे रहे हैं।

PAK vs SL Pitch Report: किसे मिलेगी मदद?

पल्लेकेले की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों को मदद देती है। नई गेंद से थोड़ी स्विंग मिलती है, लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती है, स्पिनर खेल में आ जाते हैं। यहां पहले बल्लेबाजी और लक्ष्य का पीछा, दोनों में लगभग बराबरी का रिकॉर्ड रहा है। इसलिए टॉस जीतने वाली टीम हालात देखकर फैसला लेगी।

PAK vs SL Weather: क्या बारिश बिगाड़ सकती है खेल?

कैंडी में हल्के बादल रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। अगर बारिश आई तो मैच का समीकरण और पेचीदा हो सकता है।

PAK vs SL Playing XI: संभावित प्लेइंग 11

पाकिस्तान

सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, बाबर आजम, फकर जमान, सलमान अली आगा (कप्तान), उस्मान खान, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान तारिक और सलमान मिर्जा।

श्रीलंका

पथुम निसांका, कुसल मेंडिस या कमिल मिशारा, चरिथ असलंका, पवन रत्नायके, दसुन शनाका (कप्तान), दुनिथ वेल्लालागे, कामिंडु मेंडिस, दुषन हेमंथ, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका और महीश तीक्ष्णा।

इसे भी पढ़ें- T20 World Cup: एक और फिनिशर की होगी छुट्टी? वेस्ट इंडीज के खिलाफ 'क्वार्टर फाइनल' में इस खिलाड़ी की एंट्री!

इसे भी पढ़ें-T20 वर्ल्ड कप में फिर भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान? जानें सेमी-फाइनल और फाइनल का पूरा गणित